/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/06/VZ6ZnoxAQofqAKgt5NCK.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादित बयान दिया है। उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विजयवर्गीय कह रहे हैं कि उनके पास जो छोटे कपड़े पहनकर लड़कियां सेल्फी की इच्छा से आती हैं तो वह उन्हें सेल्फी देने से मना कर देते हैं। यह पहला मौका नहीं है जब उन्होंने महिलाओं के पहनावे को लेकर ऐसी टिप्पणी की हो। इससे पहले भी कई बार लड़कियों के कपड़ों के ऊपर टिप्पणी कर अपनी मानसिकता जाहिर कर चुके हैं। एक बार तो उन्होंने वेस्टर्न कपड़े पहनने वाली लड़कियों की तुलना शूर्पणखा से कर दी थी, जिसे लेकर खूब विवाद हुआ था।
‼️भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच😡
— Rashmi INC (@Rashmi22302711) June 6, 2025
कैलाश विजयवर्गीय के महिलाओं के पहनावे पर दिए गए बयान को क्या कहेंगे ❓
उनके विचार महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और पसंद पर अंकुश लगाने वाले और रूढ़िगत लैंगिक मानदंडों को मजबूत करने वाले लगते हैं।
आधुनिक समाज में, व्यक्तिगत पहनावे की पसंद को… pic.twitter.com/mAuCLMHQkd
महिलाएं गहनें पहनें, शृंगार करें, अच्छे कपड़े पहनें
जानकारी के मुताबिक, विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर गुरुवार को इंदौर के नेहरू पार्क स्थित सिंदूर वाटिका में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में एक चीज काफी प्रचलित है, जो कि मुझे पसंद नहीं है। विदेशों में कम कपड़े पहनने वाली लड़कियों को सुंदर माना जाता है, लेकिन हमारे देश में महिलाओं को देवी का स्वरूप माना जाता है, वे अच्छे कपड़े पहने, अच्छे गहने पहने, अच्छा श्रृंगार करें। कहा जाता है कि कम कपड़े पहनने वाली लड़की सुंदर होती है, उसी तरह कम भाषण देने वाला नेता भी अच्छा होता है, लेकिन मैं इस कहावत को नहीं मानता।
लड़कियों को सेल्फी के लिए मना कर देता हूं
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कई बार कार्यक्रम के दौरान कुछ लड़कियां सेल्फी खिंचवाने के मकसद से मेरे पास आती हैं तो मैं साफतौर पर मना कर देता हूं। मैं उनसे कहता हूं कि अच्छे कपड़े पहनकर आना।
कांग्रेस ने बोला हमला
कैलाश विजयवर्गीय के बयान की निंदा करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मीडिया कोऑर्डिनेटर रश्मि ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच। कैलाश विजयवर्गीय के महिलाओं के पहनावे पर दिए गए बयान को क्या कहेंगे। उनके विचार महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और पसंद पर अंकुश लगाने वाले और रूढ़िगत लैंगिक मानदंडों को मजबूत करने वाले लगते हैं। आधुनिक समाज में, व्यक्तिगत पहनावे की पसंद को सम्मानित किया जाना चाहिए, और ऐसे बयान अक्सर महिलाओं की आजादी और समानता के मूल्यों के खिलाफ माने जाते हैं। ये विचार लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों को कमजोर कर सकते हैं।"
छोटे कपड़ों में लड़कियां शूर्पणखा लगती हैं
आपको बता दें कि कैलाश विजयवर्गीय पहले भी ऐसे विवादित बयान देते रहे हैं। लड़कियों के कपड़ों और पहनावे को लेकर उन्होंने पहले भी सवाल उठाए हैं। 7 अप्रैल को जैन समाज के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि आजकल कुछ लड़कियां इतने गंदे और छोटे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि वे शूर्पणखा जैसी दिखती हैं। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को देवी का स्वरूप मानते हैं, लेकिन उनके पहनावे में वह मर्यादा नजर नहीं आती। इसी कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि जब वे रात में निकलते हैं और लड़कों को नशे की हालत में देखते हैं, तो मन करता है कि गाड़ी से उतरकर उन्हें चार–पांच थप्पड़ मार दें। उन्होंने यह भी कहा कि वह यह बात हनुमान जयंती के दिन कह रहे हैं और भगवान की कसम खाकर झूठ नहीं बोल रहे।
छोटे कपड़ों को बताया मर्यादा भंग
इसी तरह 26 सितंबर 2024 को भी उन्होंने एक युवती के कपड़ों को लेकर बयान दिया था। विजयवर्गीय ने कहा था कि उनके पास कुछ महिलाएं आईं और शिकायत की कि एक लड़की बहुत छोटे कपड़े पहनकर बाजार में घूम रही है, जिससे शहर की बदनामी हो रही है। उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्होंने प्रशासन से बात की और कहा कि इंदौर में इस तरह की चीजें बर्दाश्त नहीं होंगी। उन्होंने इंदौर को माता अहिल्या की नगरी बताते हुए कहा था कि यहां महिलाओं की मर्यादा भंग होते हम नहीं देख सकते और न ही इसे होने देंगे।
नाइट कल्चर पर जताई थी आपत्ति
इसके अलावा, विजयवर्गीय ने नाइट कल्चर पर भी खुलकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि वे नाइट कल्चर के घोर विरोधी हैं क्योंकि इससे युवा पीढ़ी संक्रमित हो रही है। उनके अनुसार नाइट कल्चर के साथ नशा और ड्रग्स का चलन बढ़ा है, जो समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इंदौर के सराफा बाजार में पहले नाइट कल्चर की एक सांस्कृतिक पहचान थी, लेकिन अब उसमें गलत प्रवृत्तियां पनप रही हैं। madhya pradesh | bjp | Controversy | BJP minister controversy