मुंबई, आईएएनएस। 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) अनिल भट्ट ने कहा कि भारत तकनीक में बहुत आगे निकल चुका है। 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत ब्रह्मोस मिसाइल को बनाया गया है। इस मिसाइल ने ही 'ऑपरेशन सिंदूर' में पाकिस्तान में तबाही मचाई। लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) अनिल भट्ट ने कहा कि यह उभरते भारत की ताकत है। ब्रह्मोस मिसाइल ने आतंक के 9 ठिकानों को तहस-नहस कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत पर काफी दबाव होने के बाद भी मिसाइल बनाने में हमने बहुत तरक्की की है।
पाकिस्तान का दोहरा चरित्र, ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) अनिल भट्ट ने कहा कि भारतीय सेना ने बताया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' अभी खत्म नहीं किया गया है। यह कुछ समय के लिए रोका गया है। सीजफायर के उल्लंघन पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का दोहरा चरित्र है, वह मानने वाला नहीं है। पड़ोसी देश पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। उसमें झूठ बोलने और समझौतों को तोड़ने की आदत है। प्रधानमंत्री का यह फैसला स्वागत योग्य है कि पाकिस्तान से बात आतंकवाद और पीओके पर की जाएगी। पाकिस्तान में अभी भी आतंकी गढ़ बचे हुए हैं। भारत को शांत होकर बैठना नहीं चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुईं ये मिसाइलें
अनिल भट्ट ने आगे कहा कि, "हमने मिसाइलों के निर्माण में काफी तरक्की की है। हमने उस जमाने में मिसाइल बनाई जब भारत पर प्रतिबंध लगे होते थे। 'अग्नि' और कई मिसाइल हमने बनाई हैं, लेकिन इन सबसे जो बढ़कर है वह ब्रह्मोस है। ब्रह्मोस जो शब्द है, वो ब्रह्मपुत्र और मास्कवा, जो मास्को के पास नदी है, से मिलकर बना है। यह रूस-भारत की बराबरी के संबंधों को दिखाता है। दोनों देश साथ में ब्रह्मोस बनाते हैं और व्यापार भी करते हैं।" आपको बता दें कि भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में ब्रह्मोस मिसाइल, आकाश मिसाइल और एमआरएसएएम (बराक-8) का इस्तेमाल किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी राष्ट्र के नाम संदेश में इनका नाम लिए बगैर कहा कि इस बार 'मेड इन इंडिया' की ताकत दुनिया ने देखी।
ब्रह्मोस की ताकत
ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। यह 3,700 किमी प्रति घंटा की गति से लक्ष्य को टारगेट कर सकता है। इसकी रेंज तकरीबन 800 किमी तक है। यह अपने साथ 200 से 300 किग्रा तक वॉरहेड ले जाने में सक्षम है। इसे जमीन, समुद्र और हवा से भी लॉन्च किया जा सकता है। यह रडार को भी चकमा देने में माहिर है।
विपक्षी दल भारत की रक्षा पर शक करते हैं
अनिल भट्ट ने आगे कहा कि विपक्ष कभी-कभी भारत के खिलाफ काम करता है, बहुत ही अफसोस की बात है, विपक्ष की राजनीति इतनी गिर गई है। उन्होंने संसद के विशेष सत्र को बुलाने की मांग पर कहा कि यह शर्मनाक है। कोई मीटिंग नहीं होनी चाहिए। विपक्षी दल भारत की रक्षा के बारे में शक करते हैं। यह बहुत ही शर्मनाक बात है।
मेड इन इंडिया हथियारों का इस्तेमाल
अनिल भट्ट ने कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी ने संबोधन में 'मेड इन इंडिया' का जिक्र किया, यह बहुत अच्छी बात है। ऑपरेशन सिंदूर में हमने भारत में बने हथियारों का इस्तेमाल किया और पाकिस्तान के कई जगहों को तबाह करने का काम किया। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। यह लगातार चल रहा है। ये कार्रवाई लगातार होती रहनी चाहिए। ऐसा नहीं कि सर्जिकल स्ट्राइक 2016 में कर दिया, बालाकोट 2019 में कर दिया और अब ऑपरेशन सिंदूर कर दिया। इससे नहीं होगा। ऐसी कार्रवाइयां चलती रहनी चाहिए। पाकिस्तान अपनी हरकत से बाज नहीं आएगा। वह फिर कुछ न कुछ करेगा। उनके यहां अभी हजारों आतंकवादी बाकी हैं, जिन्हें खत्म करना है।"
operation sindoor india | operation sindoor air strike | india pakistan war