बेंगलुरु, वाईबीएन नेटवर्क
कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में पिछले कुछ दिनों से गाय चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं। विपक्ष राज्य की कांग्रेस सरकार को इस मुद्दे पर लगातार घेर रहा है। मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने इसके खिलाफ उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इसी बीच जिले के प्रभारी मंत्री ने इस संबंध में कड़ी चेतावनी देते हुए विवादित बयान दिया है। जिला प्रभारी मंत्री मंकल एस वैद्य ने कहा कि इन घटनाओं में शामिल लोगों को सड़क और बीच चौराहे पर गोली मार दी जानी चाहिए। मैं जिले में ऐसी गतिविधियां बिल्कुल नहीं होने दूंगा। गायों की रक्षा करने और उनको पालने वालों के हित के लिए प्रशासन सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
यह भी पढ़ें: Amit Shah जम्मू-कश्मीर का करेंगे दौरा, आतंकी वारदातों के खिलाफ चल रहे अभियान की करेंगे समीक्षा
एक गाय की हत्या भी हुई
पिछले दिनों होन्नवार में एक गाय की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया था। अब मंत्री मंकल एस वैद्य ने कहा कि यूं तो गायों की चोरी कई साल से हो रही है। मैंने एसपी से कहा है कि यह रुकना चाहिए और किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होना चाहिए। यह गलत है। हम गाय की पूजा करते हैं। हम उन्हें प्यार से पालते हैं। हम इसका दूध पीकर बड़े हुए हैं। मैंने पुलिस को निर्देश दिया है कि इसके पीछे जो भी लोग हैं, चाहे वे कोई भी हों, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। मंत्री ने कहा कि कुछ मामलों में गिरफ्तारियां की गईं हैं। अगर ऐसी चीजें जारी रहती हैं तो मैं यह कहूंगा कि आरोपियों को सड़क पर या चौराहे पर गोली मार दी जाए। काम करो, कमाओ और खाओ। हमारे जिले में पर्याप्त नौकरियां उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें: Parliament Question: राममंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को लगे पंख, 16 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे
आरोपियों का समर्थन नहीं
हम किसी भी कीमत पर ऐसे लोगों का समर्थन नहीं करेंगे। मंत्री ने कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी तब भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर सत्ता में रहते हुए इस मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि अगर हम ऐसी गतिविधियों का समर्थन करते तो एफआईआर और गिरफ्तारियां कैसे होती हैं? प्रभारी मंत्री ने कहा कि हम चुप नहीं बैठे हैं। पुलिस इसे नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई कर रही है। सरकार वहां है, मैं यहां हूं। सभी कार्रवाई की जा रही हैं। इस मुद्दे पर न तो सरकार, न ही मुख्यमंत्री या गृह मंत्री किसी का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि हम गाय पालने वालों की रक्षा के लिए काम करेंगे, डरने की कोई जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: Budget Session 2025 : सदन में आज बोलेंगे पीएम मोदी, राहुल गांधी के सवालों का देंगे जवाब