भोपाल, वाईबीएन डेस्क। भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी के मामले में मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के खिलाफ महू तहसील स्थित मानपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। मप्र हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद पुलिस ने यह FIR दर्ज की। इसके साथ ही मंत्री शाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट ने मंत्री शाह की सोफिया पर की गई टिप्पणी को गटर की भाषा बताया था। हालांकि अपने इस कृत्य के लिए शाह सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं।
कोर्ट की सख्ती के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस ने जानकारी दी है कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ बीएनएस की धारा 152, 196(1)(बी) और 197(1)(सी) के तहत FIR दर्ज़ की गई है। कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कुंवर विजय शाह की आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर FIR दर्ज़ की गई है। Bihar minister controversy | BJP Ministers not
बढ़ी मुश्किलें, गिरफ्तारी की मांग
सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए मध्य प्रदेश के आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ने जा रही हैं। इस मामले में अब सियासत गरमा गई है। विपक्ष इस मुद्दे पर मंत्री विजय शाह को घेर रहा है, वहीं भाजपा संगठन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में तलब किया है, हालांकि विजय शाह ने ट्रोल होने के बाद माफी मांगते हुए कहा था कि उनके बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि सोफिया कुरैशी उनकी सगी बहन जैसी हैं।
जानिए मायावती ने क्या कहा
इस मामले में बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है- “जब देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर गर्व कर रहा है, ऐसे समय में सेना की महिला अधिकारी पर घृणित टिप्पणी करना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।” उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा से मंत्री पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी मंत्री शाह के बयान को सेना का अपमान बताया था।
हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन
उधर, अशोक यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद को भी महिला सैन्य अधिकारियों पर विवादित टिप्पणी करने के लिए हरियाणा महिला आयोग ने समन भेजा है। आयोग ने उन्हें 14 मई को पेश होने को कहा है, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। महिला आयोग का कहना है कि अली खान ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर में शामिल कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की भूमिका को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया है, जिससे राष्ट्रीय एकता और महिला गरिमा को नुकसान पहुंचा है।