/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/06/befunky-collage-49-2025-08-06-00-03-22.jpg)
झारखंड, वाईबीएन डेस्क: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी समुदाय के सबसे बड़े जननेता ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन का मंगलवार को अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा में किया गया। सीएम हेमंत सोरेन ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। बारिश के बीच आयोजित अंतिम संस्कार में "शिबू सोरेन अमर रहें", "जब तक सूरज चांद रहेगा, शिबू सोरेन का नाम रहेगा" जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। पहाड़ियों की गोद में बसे इस छोटे से गांव में जनसैलाब उमड़ पड़ा लाखों की संख्या में लोग, पार्टी कार्यकर्ता, आमजन, झारखंड आंदोलनकारी और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा में रखा गया पार्थिव शरीर
सुबह 10 बजे झारखंड विधानसभा परिसर में शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इस दौरान राज्यपाल संतोष गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, राज्य सरकार के मंत्रीगण और विपक्ष के तमाम विधायक मौजूद रहे। सभी ने ‘दिशोम गुरु’ को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भावनात्मक विदाई और ऐतिहासिक शवयात्रा
‘अंतिम जोहार’ के रूप में शुरू हुई शव यात्रा नेमरा गांव तक पहुंची। रास्ते भर हजारों की भीड़ ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। हर जिले से झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक नेमरा पहुंच चुके थे। पारंपरिक झारखंडी संगीत, झंडे और नारेबाजी के साथ पूरे गांव ने उन्हें विदा किया। जैसे ही पार्थिव शरीर नेमरा के अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचा, तेज़ बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद लोगों की मौजूदगी और श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई। गांव के पास बहते टेका नाला, धान के खेत और घने जंगलों के बीच, शिबू सोरेन अपने पुरखों की कतार में शामिल हो गए।
मल्लिकार्जुन खड़गे व राहुल गांधी भी हुए शामिल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज रामगढ़ जिले के नेमरा, गोला पहुंचे। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने सीएम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, शोक की इस घड़ी में परिजनों को संबल और शक्ति देने की कामना भी की।
ये दिग्गज हुए शामिल
अंत्येष्टि कार्यक्रम में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य के सभी मंत्री, कई विधायक, मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता, वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारी उपस्थित रहे। bihar jharkhand news