Advertisment

जानें कौन हैं नए CEC , क्‍या है इनकी खास‍ियत, आज लेंगे शपथ

कानून मंत्रालय ने सोमवार देर रात गजट नोटिफिकेशन जारी कर जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का नया मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नियुक्त किया है।

author-image
Ranjana Sharma
एडिट
CEC Gyanesh Kumar
Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

नई दिल्‍ली, वाईबीएन नेटवर्क 

Advertisment
CEC Gyanesh Kumar : कानून मंत्रालय ने सोमवार देर रात गजट नोटिफिकेशन जारी कर जानकारी दी कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का नया मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नियुक्त किया है। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त बनाया गया है। ज्ञानेश कुमार नए कानून के तहत नियुक्त होने वाले पहले मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। वह राजीव कुमार की जगह लेंगे, जो 18 फरवरी को सेवानिवृत्त हो गए। ज्ञानेश कुमार आज शपथ लेंगे।

तीन सदस्यीय समिति ने क‍िया चुनाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक के कुछ ही घंटों बाद यह नियुक्तियां की गईं। सीईसी के चयन के लिए बनी इस तीन सदस्यीय समिति में पीएम मोदी के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे। राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं के लंबित होने के कारण सरकार से इस प्रक्रिया को स्थगित करने का अनुरोध किया था। ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक रहेगा। वह अगले लोकसभा चुनाव की घोषणा करने के बाद ही सेवानिवृत्त होंगे।

कौन हैं ज्ञानेश कुमार

1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार का जन्म 27 जनवरी 1964 को उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ। उन्होंने वाराणसी के क्वींस कॉलेज और लखनऊ के काल्विन तालुकेदार कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक, आईसीएफएआई से बिजनेस फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएशन और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से एनवायरमेंटल इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की।

इन प्रमुख पदों पर दे चुके हैं अपनी सेवाएं

अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने एर्नाकुलम के असिस्टेंट कलेक्टर, अडूर के डिप्टी कलेक्टर, केरल अनुसूचित जाति और जनजाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक और कोचीन नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। केरल सरकार में उन्होंने वित्तीय संसाधन, फास्ट-ट्रैक प्रोजेक्ट्स और लोक निर्माण विभाग जैसे कई अहम विभागों को संभाला। केंद्र सरकार में वे रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

राम मंदिर निर्माण कमेटी में निभाई अहम भूमिका

अपने प्रशासनिक करियर में ज्ञानेश कुमार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद लिए गए निर्णयों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वे राम मंदिर निर्माण समिति के सदस्य भी रहे, जिसकी अध्यक्षता पूर्व आईएएस अधिकारी नृपेंद्र मिश्रा कर रहे थे। उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में केंद्र सरकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया था। इतना ही नहीं राम मंदिर में स्थापित भगवान श्रीराम की बाल स्वरूप मूर्ति के चयन में भी उनकी अहम भूमिका रही।

आगामी चुनावों की देखरेख करेंगे ज्ञानेश कुमार

भारत के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव (2025) और 2026 में केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों की देखरेख करेंगे।

नए CEC के परिवार में आईएएस की है भरमार

ज्ञानेश कुमार के परिवार में IAS, IRS की भरमार है। उनके छोटे भाई मनीष कुमार एक IRS अधिकारी हैं, जबकि उनकी बहन रोली इंदौर में एक स्कूल का संचालन करती हैं। उनके बहनोई उपेंद्र कुमार जैन एक IPS अधिकारी हैं। उनकी अगली पीढ़ी भी प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही है। उनकी बड़ी बेटी मेधा रूपम 2014 बैच की IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में कासगंज की जिलाधिकारी  के रूप में कार्यरत हैं। उनके पति मनीष बंसल जो 2014 बैच के ही IAS अधिकारी हैं इस समय सहारनपुर  के जिलाधिकारी के पद पर हैं।  उनकी दूसरी बेटी अभिश्री ने 2017 में सिविल सेवा परीक्षा पास की और 2018 में IRS अधिकारी बनीं। उनके पति अक्षय लाबरू 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं और त्रिपुरा कैडर में कार्यरत हैं।

विवेक जोशी बने नए चुनाव आयुक्त

मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद ज्ञानेश कुमार की जगह विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। वह 1989 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और चुनाव आयोग में उनका कार्यकाल 2031 तक रहेगा। कानून के मुताबिक मुख्य चुनाव आयुक्त या चुनाव आयुक्त 65 वर्ष की आयु तक या अधिकतम छह साल के लिए अपने पद पर बने रह सकते हैं। डॉ. विवेक जोशी ने रुड़की विश्वविद्यालय (अब आईआईटी रुड़की) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई किया और फिर ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट जिनेवा (स्विट्जरलैंड) से इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स में पीएचडी की डिग्री हासिल की। जनवरी 2019 से वह केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। उन्होंने 1 नवंबर 2022 को केंद्रीय वित्त मंत्रालय में सचिव का पद संभाला। इससे पहले वे हरियाणा के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे।
Advertisment
Advertisment