नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक बार फिर हालात बिगड़ गए हैं। शनिवार रात इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में उस वक्त हिंसा भड़क उठी जब खबर फैली कि मेइती समुदाय से जुड़े संगठन अरंबाई तेंगगोल के एक नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने टायर और फर्नीचर जलाकर विरोध जताया और नेता की रिहाई की मांग की। देखते ही देखते हालात बेकाबू होते चले गए।
इंटरनेट सेवाएं 5 दिन के लिए बंद
बढ़ते
तनाव को देखते हुए राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं पांच दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। मणिपुर सरकार ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए 7 जून की रात को एक बड़ा फैसला लिया है। गृह विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एन अशोक कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं अगले पांच दिनों तक निलंबित रहेंगी।
सोशल मीडिया से अफवाहों पर सख्ती
गृह विभाग के कमिश्नर एन अशोक कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ संदेश, फोटो और वीडियो फैलाकर माहौल बिगाड़ सकते हैं। इसलिए इंटरनेट, वीएसएटी और वीपीएन सहित सभी सेवाएं शनिवार रात 11:45 बजे से अगले पांच दिन तक निलंबित रहेंगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा सांसद का वीडियो वायरल
इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें भाजपा सांसद लेशेम्बा सनाजाओबा को सुरक्षाबलों से बहस करते हुए देखा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की गिरफ्तारियां जारी रहीं तो उन्हें और एक अन्य विधायक को भी गिरफ्तार किया जाए।