नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। देश में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी है। हाल ही में थोड़ी राहत के संकेत मिले थे, लेकिन बीते 24 घंटे में 269 नए मामलों के साथ एक बार फिर टेंशन बढ़ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, अब देश में एक्टिव केस की संख्या 7400 तक पहुंच चुकी है। शुक्रवार को यह आंकड़ा 7131 था। कोरोना के बढ़ते मामले देखते हुए पंजाब सरकार अलर्ट हो गई है और यहां मास्क की एडवाइजरी जारी की गई है।
9 लोगों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 14 जून को सुबह 8 बजे तक के आंकड़े जारी किए। कोविड संक्रमण की वजह से पिछले 24 घंटों में 9 लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 4 मौतें दर्ज की गईं, जबकि केरल में 3 संक्रमित मरीजों की मौत हुई। राजस्थान और तमिलनाडु से भी एक-एक मौत की पुष्टि हुई है। मरने वालों में ज़्यादातर बुजुर्ग और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग शामिल थे।
पंजाब सरकार की एडवाइजरी
बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य विभाग ने खास तौर पर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और हेल्थ वर्कर्स को मास्क पहनने की सख्त सलाह दी है। सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को बुखार, खांसी या सांस की दिक्कत हो तो वे खुद को आइसोलेट करें और डॉक्टर से संपर्क करें। हालांकि अभी राज्य में किसी तरह की पाबंदी या लॉकडाउन लागू नहीं किया गया है, लेकिन हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं।
नया वैरिएंट हर राज्य में फैला
कोविड का नया वैरिएंट अब त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर देश के लगभग सभी राज्यों में फैल चुका है। केरल सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अब तक 2000 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
सरकार की अपील
केंद्र और राज्य सरकारें स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि हालात अभी नियंत्रण में हैं, लेकिन लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। मास्क पहनना, हाथ धोना और भीड़ से बचना अब भी सबसे असरदार एहतियात हैं। coronavirus | corona cases in india | covid 19 cases