Weather Update: उत्तर भारत में भीषण गर्मी, श्रीगंगानगर में पारा 47 पार, लू का ऑरेंज अलर्ट
उत्तर भारत और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 47.4°C पहुंचा। दिल्ली, हरियाणा, जम्मू और मध्य भारत में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी। जानें कब मिलेगी राहत और मानसून कब दस्तक देगा।
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो देश में सबसे अधिक है। बीकानेर, बाड़मेर, चुरू, जैसलमेर, कोटा जैसे इलाकों में भी पारा 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून की धीरे-धीरे प्रगति से 4–5 दिनों बाद कुछ राहत की संभावना जताई जा रही है। तब तक सावधानी बरतना जरूरी है।
लू का ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 9 जून तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीकानेर मंडल और आसपास के क्षेत्रों में 8 से 10 जून तक 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 11 जून तक लू के हालात बने रह सकते हैं।
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज हुआ। सोमवार को पारा 43 डिग्री तक जा सकता है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है।हरियाणा के रोहतक और सिरसा में पारा 45 डिग्री पार कर गया है, जिससे लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
जम्मू-कश्मीर में भी बढ़ी गर्मी
जम्मू में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। श्रीनगर में तापमान 31.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम और गुलमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर भी तापमान क्रमशः 27.8 और 22.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में लू का असर और बढ़ सकता है।
Advertisment
Photograph: (Google)
सिक्किम: बचाव कार्य जारी, 48 और लोग सुरक्षित निकाले गए
उत्तर सिक्किम के चातेन क्षेत्र से रविवार को 48 लोगों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें 20 सैन्यकर्मी और तीन बच्चे शामिल हैं। भूस्खलन और बाढ़ के कारण फंसे करीब 2000 लोगों को अब तक सुरक्षित निकाला जा चुका है।राज्य सरकार द्वारा किराए पर लिए गए MI-17 हेलीकॉप्टर की मदद से इन लोगों को पाकयोंग एयरपोर्ट पहुंचाया गया। अब भी 6 सैनिक लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार
असम में बाढ़ से अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 11 जिलों के 741 गांव और 2.59 लाख लोग प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र और अन्य नदियों का जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है।24,000 से अधिक लोगों ने 100 राहत शिविरों में शरण ली है, जबकि 6,311 हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसलें पानी में डूबी हुई हैं।
मई बना रिकॉर्ड ब्रेकर, 1901 के बाद हुई सबसे अधिक वर्षा
आईएमडी के अनुसार, मई 2025 में देशभर में औसतन 126.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो दीर्घकालिक औसत (61.4 मिमी) से 106% अधिक है। यह 1901 के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा वर्षा वाला मई महीना है।
Advertisment
current weather conditions | india weather news | india weather forecast | IMD Weather Warning