/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/09/ziNuSwAHqfm1mOJ7lxqn.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। आतंक को पनाह देने वाले पाकिस्तान का अब बुरा हाल है। भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में हाहाकार मचा हुआ है। पाकिस्तान लगातार भारत पर हमले की नाकाम कोशिशें कर रहा रहा है, लेकिन भारत का मजबूत डिफेंस सिस्टम उसके नापाक मंसूबों पर पानी फेर रहा है। पाकिस्तान ने हिंदुस्तान के कई शहरों को निशाना बनाया और ड्रोन-मिसाइल से हमले किए। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान पर प्रहार किया, जिससे पूरा पड़ोसी मुल्क दहल उठा है। भारत के मजबूत डिफेंस सिस्टम पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं। भारत के डिफेंस जखीरे में शामिल एक हथियार का नाम है 'पिनाका', जिसकी ताकत और क्षमता जानकर दुश्मन देश के रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
भारत का ताकतवर हथियार
भारत की रक्षा ताकत में कुछ ऐसे हथियार हैं, जो किसी भी युद्ध की दिशा बदल सकते हैं। ऐसा ही एक घातक और स्वदेशी हथियार है- पिनाका। यह एक मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम है। पिनाका कुछ सेकेंडों के भीतर ही 72 रॉकेट दाग सकता है। ये 90 किलोमीटर दूर तक सटीक निशाना लगाता है। पहली बार कारगिल युद्ध के दौरान पिनाका का इस्तेमाल किया गया था।
क्यों खास है 'पिनाका'?
‘पिनाका’ नाम भगवान शिव के पौराणिक धनुष से लिया गया है। यह नाम जितना पौराणिक है, इसका आधुनिक स्वरूप उतना ही घातक। यह एक मल्टी-बैरेल रॉकेट लॉन्च सिस्टम है, जो एक साथ कई रॉकेट दाग सकता है। इसे भारत के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने डिज़ाइन किया है और इसका निर्माण टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और लार्सन एंड टुब्रो जैसी भारतीय कंपनियों ने किया है। यह परियोजना भारत की पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप का सफल उदाहरण है।
पिनाका की ताकत
- पिनाका एक साथ 72 रॉकेट केवल 44 सेकंड में लॉन्च कर सकता है।
- इसकी मारक क्षमता पहले वर्जन में 60 किलोमीटर, और MK-II ER वर्जन में 90 किलोमीटर तक है।
- आने वाले समय में इसका अगला वर्जन 150 किलोमीटर से अधिक रेंज वाला होगा।
- पिनाका के रॉकेट में GPS आधारित गाइडेंस सिस्टम होता है, जिससे यह अधिक सटीकता से लक्ष्य को भेद सकता है।
- इसकी गति मैक 4.7 तक पहुंच सकती है, यानी लगभग 5,800 किमी/घंटा, जिससे इसे रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है।
भारत में हैं चार पिनाका
भारतीय सेना में वर्तमान में 4 पिनाका रेजिमेंट सक्रिय हैं और 6 और रेजिमेंट के लिए ऑर्डर दिए जा चुके हैं। इसका इस्तेमाल किसी भी युद्ध की स्थिति में दुश्मन के ठिकानों पर अचानक और बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए होता है। हाल ही में सरकार ने पिनाका के लिए 10,200 करोड़ रुपये के गोला-बारूद के ऑर्डर को मंजूरी दी है। इतना ही नहीं, भारत इस प्रणाली का निर्यात भी कर रहा है। आर्मेनिया को यह पहले ही सप्लाई किया जा चुका है, और फ्रांस से भी डील की बातचीत चल रही है।
India Pakistan conflict | india pakistan war | civil defence India | Indian Missile Strike