मुंबई, वाईबीएन नेटवर्क।
INDIA Alliance: इंडिया गठबंधन बिखरता हुआ नजर आ रहा है। इंडिया ब्लॉक में शामिल दल अलगाव के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बता रहे हैं। इस बीच शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है, जिससे सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। राउत ने साफ कर दिया है कि मुंबई और नागपुर महानगरपालिका का चुनाव शिवसेना अकेले ही लड़ेगी। राउत ने इंडिया गठबंधन में दरार की अटकलों के बीच कांग्रेस पर हमला बोला है और अलायंस को खत्म करने की बात कही है।
अपने दम पर लड़ेंगे- संजय राउत
संजय राउत ने कहा, 'हम मुंबई और नागपुर महानगरपालिका अपने दम पर लड़ेंगे। जो भी होगा, हमें खुद देखना होगा। उद्धव ठाकरे ने हमें संकेत दिया है। मैंने अभी-अभी हमारे नागपुर शहर अध्यक्ष प्रमोद मनमोड़े से इस बारे में चर्चा की है।'
कांग्रेस पर संजय राउत का बड़ा आरोप
इसके पहले शिवसेना राज्यसभा सांसद ने कहा था कि इंडिया गठबंधन की तरह महाराष्ट्र चुनाव में भी महाविकास अघाड़ी के बीच कोई तालमेल नहीं था। राउत ने आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में कांग्रेस की स्टेट यूनिट सीटों के लिए सौदेबाजी कर रही थी, तब भी कांग्रेस आलाकमान ने दखल नहीं दिया। कई विधानसभा सीटें ऐसी थीं जहां एनसीपी (SP) और शिवसेना (UBT) के पास अच्छे उम्मीदवार थे, लेकिन कांग्रेस ने उन पर दावा नहीं छोड़ा।
पार्टी मजबूत करने के लिए लिया फैसला- राउत
संजय राउत ने कहा, 'यह फैसला लोकल लेवल पर पार्टी मजबूत करने के लिए लिया गया है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को मौका नहीं मिलता। इससे पार्टी की ग्रोथ प्रभावित हो रही है। हमें नगर निगम, जिला परिषद और नगर पंचायत में अपने दम पर लड़ना चाहिए और अपनी पार्टी को मजबूत करना चाहिए।'
I.N.D.I.A में टूट के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
संजय राउत ने बयान देते हुए कहा, 'अगर गठबंधन सिर्फ लोकसभा के लिए था और अब इसका वजूद नहीं है तो कांग्रेस इसकी घोषणा कर दे, हम अपने-अपने रास्ते चुन लेंगे, लेकिन मैं बता दूं कि अगर एक बार इंडिया ब्लॉक टूट गया तो दोबारा नहीं बन पाएगा, इसलिए पहले ये सोच लें कि आगे क्या होगा।' राउत ने शुक्रवार को बयान देते हुए कहा था कि मैं उमर अब्दुल्ला से सहमत हूं। यदि इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों को लग रहा है कि अब इसका कोई वजूद नहीं है तो इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
क्या खत्म हो जाएगा इंडिया गठबंधन?
इंडिया ब्लॉक में दरार की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कुछ समय पहले जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने बयान देते हुए कहा था कि अगर अलायंस सिर्फ लोकसभा तक था तो इंडिया अलायंस को बंद करो। इससे पहले आरएलडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि ये पहले से ही तय था कि इंडिया ब्लॉक लोकसभा के लिए है। वहीं अखिलेश यादव दिल्ली चुनाव में केजरीवाल का सहयोग कर रहे हैं। ऐसे तमाम बयानों और घटनाओं से जाहिर होता है कि इंडिया गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं है। खासतौर से कांग्रेस साइडलाइन होती हुई नजर आ रही है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही अलायंस टूट सकता है।
ये भी पढ़ें: BJP Candidates II List : करावल नगर से कपिल मिश्रा और आप से आईं प्रियंका को कोंडली से टिकट