नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। Breaking News: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न, हादसे में तब्दील हो गई। RCB की विक्ट्री परेड से पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मच गई है। सूत्रों के मुताबिक, भगदड़ में 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। कई लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने आज यहां सभी RCB खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया था, इस बीच बड़ा हादसा हो गया।
प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त किया, सीएम ने मुआवजे की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में हुई घटना पर दुख व्यक्त किया है। मरने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी।
विक्ट्री परेड देखने उमड़े थे फैन्स
आरसीबी की विक्ट्री परेड देखने के लिए समर्थकों का सैलाब उमड़ा था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़ी संख्या में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के समर्थक पहुंचे थे। स्टेडियम के बाहर भगदड़ मची, इस दौरान 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई। कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य बी.के. हरिप्रसाद ने ट्वीट कर कहा है कि महिलाओं सहित 11 से अधिक लोगों की मौत बेहद चौंकाने वाली और खेदजनक है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि फैन्स स्टेडियम के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे।
RCB के स्वागत की तैयारी थी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 सालों के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल का खिताब जीता है, जिससे फैन्स में भारी उत्साह है। इस मौके को यादगार बनाने के लिए बेंगलुरु में RCB टीम के भव्य स्वागत की तैयारी की गई थी। आरसीबी की टीम देखने के लिए फैन्स के बीच होड़ मची थी। इस दौरान भगदड़ मची और बड़ा हादसा हो गया।
भारी भीड़, आयोजकों की लापरवाही?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बुधवार को बेंगलुरु पहुंची। हर जगह rcb के फैन्स का सैलाब उमड़ा हुआ था। मेट्रो से लेकर बस तक हर जगह खचाखच भीड़ नजर आ रही थी। आरसीबी के स्टार क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए भीड़ बेताब थी। हादसे के पीछे आयोजकों की लापरवाही और भीड़ नियंत्रण में चूक की आशंका जताई जा रही है।
विक्ट्री परेड हादसे से पहले ही कैंसिल हो गई
आरसीबी की विक्ट्री परेड हादसे से पहले ही कैंसिल कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु पुलिस ने भारी ट्रैफिक जाम को देखते हुए आरसीबी की विक्ट्री परेड को मंजूरी देने से साफ इनकार कर दिया।
बेंगलुरु में बारिश
हादसे के बीच बेंगलुरु में बारिश शुरू हो गई। बेंगलुरु शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी बारिश हो रही है।