/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/06/lOD2sNX9qBCnnIIJM3Ht.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। लैंडस्लाइड से प्रभावित उत्तरी सिक्किम (Sikkim) के चाटेन इलाके में शुक्रवार को भी राहत और बचाव कार्य जारी रहा। बचाव अभियान के तहत शुक्रवार को चाटेन (Chaten) से 44 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हेलीकॉप्टर की मदद से चाटेन से पर्यटकों को एयरलिफ्ट किया गया है। राज्य सरकार ने रेस्क्यू किए गए लोगों को हवाई अड्डे से बस गंगटोक तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की है। गंगटोक से सभी अपनी मंजिल की ओर रवाना होंगे।
कई राउंडों में एयरलिफ्ट किए 44 पर्यटक
चाटेन में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से शुक्रवार को कुल 44 फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे उस दिन के लिए बचाव कार्य समाप्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य सुबह फिर से शुरू हुआ, जिसमें हेलीकॉप्टरों की मदद से फंसे हुए पर्यटकों को चाटेन से एयरलिफ्ट किया गया। एक अधिकारी ने कहा कि उत्तर सिक्किम के चाटेन से आज हेलीकॉप्टरों के कई राउंडों के ज़रिए कुल 44 लोगों को निकाला गया है।
सैनिकों की मौत, कई घायल और लापता
बता कें कि 1 जून की शाम में चाटेन में लैंडस्लाइ़ड हुआ था, जिससे कई पर्यटक वहां फंस गए थे। भूस्खलन की चपेट में आने से तीन सैन्य कर्मियों की मौत भी हो गई थी, वहीं 6 सैनिक लापता हो गए थे। कई सैनिक घायल भी हो गए थे। सेना और स्थानीय प्रशासन लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहा है। गुरुवार को 63 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया था। गुरुवार शाम को मौसम खराब होने की वजह से रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया था, जो कि शुक्रवार सुबह फिर शुरू हुआ। भारी बारिश और भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं।
पूर्वोत्तर में बारिश से तबाही
पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों और सिक्किम में पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति और गंभीर हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद हैं। ब्रह्मपुत्र समेत सात नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, और सैकड़ों घर गिर गए हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। बारिश-बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक 50 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें सबसे अधिक असम के 19 लोग शामिल हैं। Landslide | sikkim news