नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। विदेश सचिव विक्रम मिस्री सोमवार को सांसदों के डेलीगेशन के समक्ष भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव और ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत जानकारी देंगे। यह समिति कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर की अध्यक्षता में बनाई गई है। यह डेलीगेशन दुनिया को पाकिस्तान के काले कारनामों और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से रू-ब-रू कराने के लिए बनाया गया है। सांसदों का डेलीगेशन अलग- अलग देशों के दौरे करेगा और इस मामले में विस्तृत जानकारी दुनिया के सामने रखेगा।
विदेश सचिव डेलीगेशन की बैठक में पहलगाम आतंकी हमले के बाद उत्पन्न सुरक्षा संकट और सीमा पार बढ़े तनाव और सैन्य कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पहलगाम आतंकी हमले में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई थी, जिसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में सीमा पार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाया।
इस्लामाबाद के साथ कूटनीतिक संबंधों पर भी होगी चर्चा
विदेश सचिव की प्रस्तुति में न केवल सैन्य अभियान के प्रभाव बल्कि इस्लामाबाद के साथ मौजूदा कूटनीतिक संबंध, सीमा पार सुरक्षा चुनौतियां और क्षेत्रीय स्थिरता पर संभावित असर की भी चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक मिस्री यह भी बताएंगे कि भारत बदलते वैश्विक परिदृश्य में अपनी विदेश नीति को किस तरह ढाल रहा है। भारत की सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से रिएक्ट किया गया और तीन दिन चले संघर्ष के बाद संघर्ष विराम की मांग की थी, जिस पर 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा हुई। इसके बावजूद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक और संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।
पीएम ने कहा था भारत की संप्रभुता से समझौता नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीजफायर के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि भारतीय सेना के साहस और पराक्रम के आगे पाकिस्तान को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। विदेश सचिव विक्रम मिस्री पूर्व में भी संसद को बांग्लादेश, कनाडा जैसे देशों के साथ भारत के संबंधों और विदेश नीति के प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी दे चुके हैं। अब, भारत-पाक संबंधों की नाजुक स्थिति को देखते हुए यह ब्रीफिंग महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
india pakistan | ceasefire India Pakistan | Current Affairs India Pakistan | India Pakistan conflict | India Pakistan News | India Pakistan Latest News | India Pakistan Tension | India Pakistan tension 2025