पश्चिमी विक्षोभ के निचले स्तर पर सक्रिय होने और चक्रवाती प्रसार के कारण उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
पश्चिमी और दक्षिण भारत में चढ़ा पारा, लू से राहत
पश्चिमी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में
तापमान तेजी से बढ़ा है। कुछ राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, हालांकि लू से अभी राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ निचले और मध्य स्तरों में ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जबकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते 22 मार्च तक उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज़ हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
मध्य और पूर्वी भारत में बारिश के आसार
दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में चक्रवाती प्रसार के कारण बिजली गिरने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ा
बेहालदिल्ली-एनसीआर में दिन और रात के तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। अगले सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने से गर्मी और अधिक महसूस होगी। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि आमतौर पर 26 मार्च तक यह 31.5 डिग्री के आसपास रहता है।
इन राज्यों में हो सकती है ओलावृष्टि
22 और 23 मार्च को पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा, 22 मार्च को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, गंगा के मैदानी इलाकों और बिहार में भी ओले गिर सकते हैं।
दक्षिण भारत में तेज हवाएं और बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती प्रसार के कारण उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक रुक-रुक कर मध्यम से तेज हवाएं चल रही हैं। इसके चलते 22 से 24 मार्च के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।अगले पांच दिनों तक केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी हल्की बारिश और बिजली चमकने का सिलसिला जारी रहेगा। तेलंगाना के कुछ इलाकों में ओले गिरने के भी आसार हैं।
पूर्वोत्तर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी
21 से 23 मार्च के बीच अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और जमकर बर्फबारी हो सकती है।असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले चार से पांच दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
फिलहाल लू से राहत
देश के कुछ हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, गुजरात, आंतरिक ओडिशा, तेलंगाना, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। हालांकि, अगले चार से पांच दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में
लू चलने की संभावना नहीं है।