/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/17/3MEwP4QpeCZ4BFBMCUoD.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Weather Update: देशभर में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तर भारत के राज्यों, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात में गर्म हवाएं और लू का असर बना हुआ है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश और तूफान ने थोड़ी राहत दी है।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में बदलेगा मौसम
आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों का मौसम बदलेगा। 9 और 10 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। हिमाचल के चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में 8, 9 और 12 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। कुछ इलाकों में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का कहर
10 अप्रैल तक गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लू चलने के आसार हैं। 6 अप्रैल को कच्छ और सौराष्ट्र में तीव्र लू दर्ज की गई। कोंकण और गोवा में गर्मी और उमस से स्थिति असहज बनी हुई है। अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिणी प्रायद्वीप में तापमान 2–4 डिग्री तक बढ़ सकता है, हालांकि उसके बाद कुछ गिरावट संभव है। मध्य भारत में भी तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
पूर्वी बिहार से लेकर विदर्भ और दक्षिण कर्नाटक तक हवाओं की हलचल के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आ रही है। इसके असर से केरल, माहे, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में 10 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
समुद्री इलाकों में चेतावनी
8 से 10 अप्रैल के बीच अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में 35–45 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी जारी की गई है।
Advertisment