/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/06/VXXeMjQrNK8oTmZXSFlp.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
देशभर में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है! खासकर अयोध्या में जहां इस दिन की विशेष महत्ता है। इस पर्व के अवसर पर कन्याओं का पूजन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया। अयोध्या में रामनवमी का उत्सव विशेष रूप से ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
रामलला के दर्शन के लिए लगा भक्तों का तांता
अयोध्या में रामनवमी के दिन पवित्र सरयू नदी में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद राम मंदिर और अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं। इस दौरान श्रद्धालुओं का कारवां हनुमानगढ़ी, कनक भवन और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ रहा था। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और एसडीआरएफ, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तैनात थीं।
सूर्य से हुआ रामलला का तिलक
राम मंदिर में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन हुआ। जिसमें रामलला का अभिषेक और श्रृंगार किया गया। सूर्य के विशेष तिलक से रामलला का मस्तक आलोकित किया गया, जो एक ऐतिहासिक पल था। यह सूर्य तिलक पूरी दुनिया के सामने लाइव प्रसारित किया गया, ताकि हर श्रद्धालु इस महापर्व का साक्षी बन सके।
देशभर में हुए आयोजन
वहीं देश के अन्य हिस्सों में भी रामनवमी के उपलक्ष्य में विभिन्न आयोजनों का आयोजन किया गया। मंदिरों में भव्य पूजा अर्चना, आरती और भजनों का आयोजन हुआ। खासकर कन्याओं का पूजन इस दिन विशेष महत्व रखता है। श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और पुण्य लाभ कमाया। कई जगहों पर बर्तन, कपड़े और मिठाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा देशभर में आयोजित रामनवमी मेले में भी लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दिन धार्मिक प्रवचन, कथा वाचन और राम के आदर्शों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई रामनवमी के जश्न में रंगा हुआ था।