/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/03/subhashghai-2025-07-03-13-35-27.jpg)
Subhashghai Photograph: (ians)
मुंबई। मशहूर बॉलीवुड फिल्म निर्माता सुभाष घई ने कहा कि राज कपूर एक महान भारतीय अभिनेता, फिल्म निर्देशक और निर्माता थे, जिन्होंने हिंदी सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी। उन्हें भारतीय सिनेमा का शोमैन कहा जाता था। सुभाष घई ने भारतीय सिनेमा के बदलते दृष्टिकोण पर विचार किया। सिनेमा के महान कलाकार राज कपूर और गुरु दत्त के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज की जेनरेशन (जेन-जी) उन्हें और उनकी विरासत को भूलती जा रही है।
दिग्गजों की विरासत
सुभाष घई ने अपनी लेटेस्टइंस्टाग्राम पोस्ट में चिंता जताते हुए कहा है कि दोनों दिग्गजों की विरासत युवा दर्शकों के बीच फीकी पड़ रही है।
सुभाष घई ने अपनी पोस्ट में लिखा, "जब मैं जेनरेशन जी (जेन-जी) से पूछता हूं कि क्या उन्हें राज कपूर और गुरु दत्त जैसे भारतीय सिनेमा के संस्थापक याद हैं, तो वे एक पल के लिए खामोश हो जाते हैं। लेकिन जैसे ही मैं 1950 के दशक के उनके गीत गुनगुनाता हूं, जैसे ‘जाने क्या तूने कहीं - जाने क्या मैंने कहीं - बात कुछ बन ही गई’ या ‘प्यार हुआ इकरार हुआ, फिर प्यार से क्यों डरता है दिल,’ वे तुरंत कह उठते हैं, ‘हां, हां - ये तो सदाबहार गीत हैं, जो हम आज भी गाते हैं।’ फिर मैंने उन्हें बताया कि हम 8 से 10 अक्टूबर को अपने फिल्म फेस्टिवल में इन दोनों दिग्गजों की शताब्दी मना रहे हैं। यह सुनकर वे उत्साहित हो उठते हैं।"
भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता
गुरुदत्त भारतीय सिनेमा के एक महान अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, कोरियोग्राफर और लेखक थे। उन्हें भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे महान फिल्म निर्माताओं में से एक माना जाता है, जो अपनी कहानी कहने की अनूठी कला और सिनेमाई दृष्टि के लिए जाने जाते हैं। वहीं राज कपूर एक महान भारतीय अभिनेता, फिल्म निर्देशक और निर्माता थे, जिन्होंने हिंदी सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी। उन्हें भारतीय सिनेमा का शोमैन कहा जाता था।
सिनेमा से जुड़ी कई वर्कशॉप
बता दें कि इस फिल्म फेस्टिवल में मशहूर लेखक और निर्देशक गुलजार दोनों महान हस्तियों को सिनेमा में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि देते दिखेंगे। यह कार्यक्रम मुंबई में होगा और इसमें गुलजार सिनेमा में कविता और संगीत के विषय पर अपनी राय नौजवानों के साथ साझा करते दिखाई देंगे। इसमें सिनेमा से जुड़ी कई वर्कशॉप भी दी जाएंगी, जिनके जरिए सिनेमा और एक्टिंग की बारीकियां लोगों को सिखाई जाएंगी।
(इनपुट-आईएएनएस)