चंडीगढ़, वाईबीएन नेटवर्क ।
Haryana के नगरीय निकाय चुनाव के रिजल्ट बुधवार को घोषित हुए। भाजपा ने 10 नगर निगम में से 9 में जीत दर्ज की है। कांग्रेस का किसी भी निगम में खाता भी नहीं खुला। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस सांसद कुमारी सैजला के गढ़ में भी कांग्रेस पार्टी की बुरी हार हुई है।
मानेसर नगर निगम में निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव चुनाव जीतीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था।
फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर, गुरुग्राम और मानेसर में 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के उपचुनाव के लिए भी इसी दिन मतदान हुआ। इसी दिन 21 नगर पालिकाओं के लिए भी वोट डाले गए। पानीपत में 9 मार्च को वोटिंग हुई।
यह भी पढ़ें: OTT & Theater: अब सीरीज और फिल्मों का आ रहा भूचाल, मनोरंजन का हो गया फुल जुगाड़
दिग्गज नेताओं के गढ़ में कैसा रहा रिजल्ट...
- CM सिटी में थानेसर नगर परिषद में भाजपा जीती।
- पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक में कांग्रेस मेयर चुनाव हारी।
- केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के लोकसभा क्षेत्र फरीदाबाद में भाजपा मेयर चुनाव जीती।
- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के संसदीय क्षेत्र करनाल में भाजपा ने लगातार तीसरी बार मेयर चुनाव जीता।
- केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत और प्रदेश के मंत्री राव नरबीर के गढ़ गुरुग्राम में भाजपा मेयर चुनाव जीती, मगर मानेसर में हार मिली।
- कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र में जुलाना नगर पालिका में भाजपा का चेयरमैन बना।
- कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के संसदीय क्षेत्र में सिरसा नगर परिषद में भाजपा चेयरमैन बनाने में कामयाब रही।
10 निगमों में 7 महिलाएं मेयर बनीं
10 नगर निगमों में से 7 में महिलाएं मेयर बनी हैं। जबकि सिर्फ 3 में पुरुष मेयर बने। गुरुग्राम में राज रानी, यमुनानगर में सुमन बहमनी, पानीपत में कोमल सैनी, फरीदाबाद में प्रवीण जोशी, मानेसर में डॉ इंद्रजीत, अंबाला में सैलजा सचदेवा और करनाल में रेणु बाला मेयर चुनाव जीतीं।
यह भी पढ़ें: TSPSC Group 2 Result 2025: आज आएगा परिणाम, 24 मार्च तक करें रीकाउंटिंग के लिए अप्लाई
फरीदाबाद में सबसे बड़ी जीत और मानेसर में सबसे छोटी हार
नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ी जीत फरीदाबाद और सबसे छोटी हार मानेसर में हुई है। फरीदाबाद में भाजपा की प्रवीण जोशी को 3,16,852 वोटों से जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस की लता रानी को हराया। वहीं मानेसर में भाजपा के सुंदर लाल को 2,293 वोटों से हार मिली।
यह भी पढ़ें: बदल गए Passport बनाने के नियम, अब इसके बिना नहीं होगा आवेदन
फरीदाबाद में एक ही परिवार के 3 लोग चुनाव जीते
फरीदाबाद में वार्ड नंबर 42 से दीपक यादव (पति), वार्ड नंबर 43 से रश्मि यादव (पत्नी) और वार्ड नंबर 40 पवन यादव (देवर) ने पार्षद पद के लिए जीत हासिल की।
गुरुग्राम: गुरुग्राम नगर निगम में भाजपा की मेयर उम्मीदवार राज रानी मल्होत्रा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार सीमा पाहुजा को हराया।
हिसार: हिसार नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार प्रवीन पोपली जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के कृष्ण सिंगला को हराया।
रोहतक: रोहतक नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा के रामअवतार वाल्मीकि जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के सूरजमल किलोई को हराया।
नारनौंद: हिसार जिले की नारनौंद नगर पालिका में निर्दलीय शमशेर सिंह चेयरमैन का चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने निर्दलीय कुलदीप गौतम को हराया।
करनाल: करनाल नगर निगम में भाजपा की रेणु बाला गुप्ता मेयर बन गई हैं। उन्होंने कांग्रेस के मनोज वधवा को हराया।
असंध नगर पालिका उपचुनाव: करनाल जिले की असंध नगरपालिका में अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भजपा की उम्मीदवार सुनीता रानी ने कांग्रेस समर्थित आजाद उम्मीदवार एडवोकेट सोनिया बोहत को 3221 वोट से हराया। सुनीता ने 4651 वोट और सोनिया ने 1430 वोट लिए।
इंद्री में भाजपा हारी, निर्दलीय चेयरमैन बना: करनाल जिले की इंद्री नगरपालिका में निर्दलीय उम्मीदवार राकेश कुमार चेयरमैन बन गए हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार जसपाल को 952 वोटों से हराया।
नीलोखेड़ी: करनाल जिले की नीलोखेड़ी नगर पालिका में भाजपा की सनमीत कौर चेयरपर्सन बन गई हैं। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार प्रेमकुमार को 1,412 वोट से हराया।
खरखौदा: सोनीपत जिले की खरखौदा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार हीरालाल इंदौरा चेयरमैन बन गए हैं। उन्होंने 4,330 वोटों से जीत दर्ज की है।
लोहारू: लोहारू नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार प्रदीप कुमार चेयरमैन बन गए हैं। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार रामभगत को 43 वोट से हरा दिया।
सिवानी: सिवानी नगर पालिका में निर्दलीय वंदना केडिया चेयरपर्सन बन गई हैं। उन्होंने निर्दलीय अनु लोहिया को 1251 वोट से हराया।