/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/03/health-2025-10-03-18-13-47.jpg)
Health Photograph: (IANS)
नई दिल्ली। सिर्फ थकान को हल्के में लेना सही नहीं है, क्योंकि कई बार अचानक आई कमजोरी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार थकान या अचानक कमजोरी शरीर में पोषण की कमी, ब्लड प्रेशर की गड़बड़ी, एनीमिया, डायबिटीज या हार्ट से जुड़ी बीमारियों की चेतावनी हो सकती है। खासकर यदि कमजोरी के साथ चक्कर आना, पसीना आना, धड़कन तेज होना, सीने में दर्द या सांस लेने में दिक्कत महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। यह स्ट्रोक या हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति का संकेत भी हो सकता है।
महिलाओं में आयरन की कमी और पुरुषों में उच्च रक्तचाप अक्सर इस समस्या के प्रमुख कारण पाए जाते हैं। इसलिए समय रहते ब्लड टेस्ट और जरूरी जांच कराना बेहद जरूरी है। स्वस्थ आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम से थकान और कमजोरी को काफी हद तक रोका जा सकता है। अचानक शरीर में कमजोरी आना कोई मामूली बात नहीं है। कई बार ऐसा होता है कि हम बिल्कुल ठीक महसूस कर रहे होते हैं, लेकिन अचानक से उठने-बैठने में थकान लगने लगती है, शरीर भारी-सा लगने लगता है और काम करने का मन नहीं करता।
शरीर का संकेत
आयुर्वेद कहता है कि यह शरीर का संकेत है कि कहीं न कहीं संतुलन बिगड़ गया है। इसका मुख्य कारण पाचन अग्नि की मंदता हो सकती है। जब पेट की अग्नि कमजोर पड़ती है, तो भोजन से पूरा पोषण नहीं मिलता और शरीर तुरंत थकान महसूस करने लगता है।
दूसरी बड़ी वजह है मल का अपूर्ण निष्कासन यानी शरीर में टॉक्सिन्स का जमाव। जब पेट साफ नहीं होता, तो आम दोष बनता है जो शरीर की ऊर्जा को रोक देता है। धातु क्षय, खासकर रक्त की कमी या मांसपेशियों की कमजोरी भी अचानक आई थकान का कारण बन सकती है। इसके अलावा, तनाव, चिंता, और नींद की कमी भी शरीर से ताकत सोख लेते हैं। वृद्धावस्था में वात दोष का प्रकोप भी ऊर्जा में कमी लाता है।
प्राकृतिक समाधान
आयुर्वेद इसके कई प्राकृतिक समाधान बताता है। अश्वगंधा को सबसे बड़ा बलवर्धक माना गया है, इसे दूध के साथ लेने से शरीर की ताकत और उत्साह बढ़ता है। महिलाओं के लिए शतावरी बहुत फायदेमंद है। यह मानसिक और शारीरिक संतुलन दोनों बनाती है। रात को हल्दी और देसी गाय के घी वाला दूध पीने से नींद सुधरती है और मांसपेशियों को ताकत मिलती है।
अचानक कमजोरी
सिर्फ दवाओं से ही नहीं, बल्कि योग और प्राणायाम से भी अचानक कमजोरी पर काबू पाया जा सकता है। सूर्य नमस्कार शरीर में ऊर्जा भरता है और पाचन सुधारता है। पवनमुक्तासन गैस और वात को शांत करता है। भ्रामरी और अनुलोम-विलोम प्राणायाम मानसिक शांति और संतुलन लाते हैं। वहीं, आयुर्वेदिक पेयों में सौंठ-गुड़ का काढ़ा, सुबह खाली पेट शहद-नींबू पानी और गिलोय का रस ऊर्जा बढ़ाने के लिए बहुत असरदार हैं।
बड़े रोग का पहला संकेत
लेकिन, कुछ बातों से बचना भी जरूरी है। ठंडा पानी, बासी खाना और बार-बार चाय-कॉफी पीना शरीर की ताकत घटाते हैं। दिन में सोना और रात को देर तक जागना भी ऊर्जा को कम करता है। सबसे अहम बात यह है कि थकान को नजरअंदाज कभी न करें, क्योंकि यह आने वाले बड़े रोग का पहला संकेत हो सकता है।
आयुर्वेद कहता है कि सही आहार, संतुलित जीवनशैली और औषधियों का संयमित प्रयोग करने से जीवन में ऊर्जा फिर से लौट सकती है।
(इनपुट-आईएएनएस)
Disclaimer: इस लेख में प्रदान की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। इसे किसी भी रूप में व्यावसायिक चिकित्सकीय परामर्श के विकल्प के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। कोई भी नई स्वास्थ्य-संबंधी गतिविधि, व्यायाम, शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से सलाह जरूर लें।"