Advertisment

अंकुरित अनाज: तन-मन को ऊर्जा देने वाला सुपरफूड, इम्यूनिटी बढ़ाने में कारगर

शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रखने के लिए खानपान में बदलाव बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, अंकुरित अनाज सबसे आसान, सस्ते और प्रभावी सुपरफूड में शामिल हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।

author-image
YBN News
Sprouts

Sprouts Photograph: (ians)

नई दिल्ली। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रखने के लिए खानपान में बदलाव बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, अंकुरित अनाज सबसे आसान, सस्ते और प्रभावी सुपरफूड में शामिल हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। मूंग, चना, मेथी, सोयाबीन आदि जैसे अनाजों को भिगोकर अंकुरित किया जाए तो इनमें मौजूद विटामिन A, B, C, E, एंटीऑक्सीडेंट्स और सूक्ष्म पोषक तत्व कई गुना बढ़ जाते हैं। ये शरीर में नई कोशिकाओं के निर्माण में मदद करते हैं और थकान, कमजोरी व तनाव जैसी समस्याओं से राहत देते हैं।

सर्दी के मौसम

मालूम हो कि सर्दी के मौसम का पाचन तंत्र पर खास प्रभाव पड़ता है। इस मौसम के साथ ही पेट फूलना, कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में एक्सपर्ट तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने वाले अंकुरित अनाज को खाने की थाली में शामिल करने की सलाह देते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए भी अंकुरित अनाज अनेक लाभ देने वाला है। लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स होने से ये डायबिटीज रोगियों के लिए भी अच्छा होता है।

 डॉक्टर्स के मुताबिक, नियमित रूप से अंकुरित अनाज खाने से पाचन सुधरता है, वजन नियंत्रित रहता है और दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है। इनमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में सहायक है और ब्लड शुगर लेवल भी स्थिर रखता है। सुबह के नाश्ते में  अंकुरित अनाज ,सलाद या हल्का अंकुरित चाट एक बेहतरीन विकल्प है, जो तन और मन दोनों को ऊर्जा से भर देता है।

अंकुरित अनाज के कई फायदे

मध्य प्रदेश का आयुष विभाग बताता है कि अंकुरित अनाज का सेवन पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद होता है और इनसे जुड़ी परेशानियों का आसान और प्राकृतिक इलाज है। अंकुरित अनाज न सिर्फ पाचन को दुरुस्त रखता है, बल्कि पूरे शरीर को पोषण देकर तन-मन दोनों को स्वस्थ बनाता है। अंकुरण की प्रक्रिया में अनाज के अंदर छिपे सारे पोषक तत्व कई गुना बढ़ जाते हैं। साधारण मूंग, चना में प्रोटीन अंकुरित होने पर बढ़ जाता है। इसी तरह विटामिन-सी, विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा भी कई गुना बढ़ जाती है। सबसे बड़ी बात यह है कि अंकुरण के दौरान एंजाइम एक्टिव हो जाते हैं, जो भोजन को आसानी से पचाने में मदद करते हैं।

Advertisment

नाश्ते में सबसे अच्छा

अंकुरित अनाज को अपने खाने की थाली में शामिल करने से एक-दो नहीं, बल्कि कई फायदे मिलते हैं। फाइबर की भरपूर मात्रा कब्ज, अपच, गैस जैसी समस्याओं को दूर करती है और आंतों को साफ रखती है। एंजाइम की वजह से शरीर को विटामिन-मिनरल आसानी से मिल जाते हैं। कम कैलोरी में भरपेट पोषण मिलता है, भूख कम लगती है। इससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स संक्रमण से बचाते हैं। इम्यूनिटी बढ़ती है। आयरन की मात्रा बढ़ने से एनीमिया में फायदा मिलता है और खून की कमी दूर होती है। इससे त्वचा और बालों में भी निखार आता है। बायोटिन और प्रोटीन बालों का झड़ना रोकते हैं और चमक लाते हैं।

बनाने की विधि

इसे बनाना भी बेहद सरल और झंझटों से मुक्त है। रात में मूंग, चना, काला चना या मिक्स अनाज भिगो दें। सुबह पानी निकालकर गीले कपड़े में बांधकर 8 से 10 घंटे रखें। अगले दिन ताजे अंकुरित अनाज में नींबू-नमक, काला नमक, भुना जीरा डालकर, चाट बनाकर या सब्जी में मिलाकर खा सकते हैं। ये नाश्ते में सबसे अच्छा रहता है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Disclaimer: इस लेख में प्रदान की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। इसे किसी भी रूप में व्यावसायिक चिकित्सकीय परामर्श के विकल्प के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। कोई भी नई स्वास्थ्य-संबंधी गतिविधि, व्यायाम, शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से सलाह जरूर लें।"

Advertisment
Advertisment
Advertisment