/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/04/pm-modi-in-trinidad-and-tobago-2025-07-04-06-21-59.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। PM Modi in Trinidad and Tobago: पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद एंड टोबैगो यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जोरदार स्वागत हुआ। पीएम मोदी को यहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो" से सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद बिसेसर ने भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में की।
कमला पर्साद बिसेसर का भावुक संबोधन
त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए कहा- आपने अपनी उदारता से वहां भी उम्मीद और शांति कायम की, जहां भय का माहौल था। बिसेसर ने कहा यह केवल कूटनीति नहीं, बल्कि आपसी रिश्ते, मानवता और प्रेम का प्रतीक है। यही कारण है कि हम गर्व से आपको हमारा सर्वोच्च सम्मान प्रदान कर रहे हैं।
भारतीय समुदाय को किया संबोधित
नेशनल साइक्लिंग वेलोड्रोम, कुवा में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- मैं कुछ ही समय पहले इस खूबसूरत देश में पहुंचा हूं, और मेरी पहली मुलाकात अपने परिवार यानी आप सबसे हो रही है। यह बहुत स्वाभाविक लगता है। त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भारतीय समुदाय की यात्रा साहस की कहानी है। आपके पूर्वजों ने जिन कठिनाइयों का सामना किया, वे किसी भी आत्मा को तोड़ सकती थीं। लेकिन उन्होंने आशा और संघर्ष का रास्ता चुना। उन्होंने गंगा-यमुना छोड़ी लेकिन रामायण अपने दिल में बसाई। वे केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति के संदेशवाहक थे।
भव्य स्वागत से गूंजा पोर्ट ऑफ स्पेन
त्रिनिदाद एंड टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन में पीएम मोदी के आगमन पर प्रधानमंत्री कमला पर्साद बिसेसर, उनके मंत्री और सांसदों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय मूल की नागरिक कमला बद्री ने कहा- मैं आज इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। यह हमारे लिए गौरव का क्षण है।
ईस्ट इंडियन डायस्पोरा ने भी किया जोरदार स्वागत
ईस्ट इंडियन डायस्पोरा के सदस्य एड्रियन ने कहा- हम अपने द्वीप पर पीएम मोदी का स्वागत करके बहुत उत्साहित हैं। यह एक ऐतिहासिक अवसर है, और हम इसका हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं। पीएम मोदी के सम्मान और प्रवासी भारतीयों की भागीदारी ने भारत और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के रिश्तों को एक नई ऊंचाई दी है।