नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।
विश्व क्रिकेट के महानतम कप्तानों में शुमार कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी जल्द अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद अब आईपीएल को भी अलविदा कहेंगे। हाल के दिनों में उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठे हैं। घुटनों के दर्द से पीड़ित माही अब अपने खेल को समेटने की रणनीति बनाते नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि इस बार के आईपीएल में चेन्नई की टीम से ज्यादा चर्चे धोनी के हो रहे हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने उनकी हेल्थ को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी की है।
घुटनों की समस्या से जूझ रहे धोनी
राजस्थान रॉयल्स से हार के बाद कोच ने कहा कि ''उनके घुटने पहले जैसे नहीं हैं। वह ठीक से मूव नहीं कर पा रहे हैं। dhoni ने भी खुद इस बात को कहा है। वे अब पूरी क्षमता के साथ 10 ओवर तक बैटिंग नहीं कर सकते हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि ''अगर मैच संतुलन में है तो वह पहले बल्लेबाजी के लिए जाएंगे और ऐसे भी अवसर आएंगे, जब वह अन्य खिलाड़ियों का सपोर्ट करेंगे। मैंने पिछले साल भी कहा था कि एमएस हमारे लिए मूल्यवान हैं, उनकी नेतृत्व क्षमता और विकेटकीपिंग के साथ 9वें या 10वें ओवर में उतारना उचित नहीं है। वे 13वें-14वें ओवर के बाद रन बनाने का प्रयास कर रहे हैं।''
3 में से 2 मैच हारी चेन्नई सुपरकिंग्स
IPL 2025 में टीम को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। अंतिम ओवर में चेन्नई को 19 रनों की आवश्यकता थी। धोनी इस मैच में 7 वे नम्बर पर बैटिंग करने आए और 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अलावा टीम को 17 सालों में पहली बार चेपॉक के मैदान पर आरसीबी के खिलाफ 50 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी। धोनी इस मैच में 9वे नम्बर पर बैटिंग करने आए थे। उन्होंने 16 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली थी।
उम्र का हवाला देकर वीरू को किया था टीम से बाहर
उम्र का 43वा पडाव पार कर चुके धोनी पर कभी अपनी ही टीम के कई खिलाडि़यों के साथ विवाद के आरोप लगे। उन्होंने एक बार वीरेंद्र सहवाग को अनफिट कहकर टीम से बाहर कर दिया था। सहवाग ने इस बारे में एक इंटरव्यू में बात करते हुए उन्होंने कहा था कि ''हमें बूढ़ा कहकर टीम से बाहर कर दिया था।'' इसके अलावा युवराज सिंह से भी उनके तल्ख रिश्तों की खबरें आती रहीं।
तीन आईसीसी ट्रॉफी जिताने वाले इकलौते भारतीय कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी भारत को तीन आईसीसी ट्रॉफी जिताने वाले इकलौते भारतीय कप्तान हैं। उन्हें साल 2007 में पहली बार भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था। धोनी ने साल 2007 में खेला गया पहला आईसीसी टी20 विश्वकप में भारत का विजयी बनाया था। इसके अलावा 2011 में वनडे विश्व कप में भी टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। भारत ने ये विश्वकप 28 साल बाद श्रीलंका को हराकर अपने नाम किया था। धोनी ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भारत के नाम किया था।
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कह दिया था अलविदा
साल 2020 में क्रिकेट के सभी प्रारुपों से अलविदा कहने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने 350 वनडे मैच खेले, जिसमें उन्होंने 10773 रन बनाए थे। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए थे। उनके नाम 98 टी20 मैचों में 1717 रन दर्ज हैं।