नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु( rcb ) के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली (Virat ) ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 73 रनों की नाबाद पारी खेली। इस अर्धशतकीय पारी की दम पर विराट कोहली ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे आईपीएल में सबसे अधिक अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पंजाब की टीम ने इस मैच में 157 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे आरसीबी ने 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया है।
IPL में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने अपने 15 साल के IPL करियर में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 184 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 66 बार 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली। वहीं विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अब तक 260 मुकाबलों में 67 बार 50+ स्कोर किया है, जिसमें उनके 8 शतक भी शामिल हैं। तीसरे नंबर पर शिखर धवन हैं, जिन्होंने 53 बार IPL में 50 से अधिक रन बनाए हैं। अगर कुल T20 की बात करें, तो धवन ने 407 मैचों की 390 पारियों में 13,208 रन बनाए हैं, जिसमें 101 अर्धशतक और 9 शतक शामिल हैं। अर्धशतकों के मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम T20 क्रिकेट में 100 अर्धशतक दर्ज हैं।
सबसे अधिक 'मैन ऑफ द मैच' जीतने के मामले में रोहित की बराबरी की
पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को जीत दिलाई। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला। यह IPL में 19वीं बार है जब कोहली को यह अवॉर्ड मिला है।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने IPL में सबसे ज्यादा 'प्लेयर ऑफ द मैच' जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है और महेंद्र सिंह धोनी (18 बार) को पीछे छोड़ दिया है। अब कोहली के पास रोहित को पीछे छोड़ते हुए IPL इतिहास में 20 या उससे ज्यादा बार यह अवॉर्ड जीतने वाले पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बनने का सुनहरा मौका है।