लाइफस्टाइल: घी को भारतीय खानपान में पोषण का खजाना माना जाता है। इसमें मौजूद विटामिन्स और मिनरल्स शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। घी से इम्युनिटी मजबूत होती है, पाचन बेहतर होता है और शरीर को ऊर्जा मिलती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ खास चीजों के साथ घी का सेवन करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है? आयुर्वेद के अनुसार कुछ खाद्य पदार्थों के साथ घी का कॉम्बिनेशन शरीर में विषैले तत्व (टॉक्सिन्स) बना सकता है और पाचन संबंधी समस्याएं खड़ी कर सकता है।
शहद
घी और शहद दोनों ही अपने-अपने रूप में बेहद पौष्टिक होते हैं। लेकिन आयुर्वेद के अनुसार, इन दोनों का एक साथ सेवन शरीर के लिए हानिकारक होता है। दोनों को मिलाकर खाने से टॉक्सिन्स बनते हैं, जो पाचन प्रणाली पर बुरा असर डाल सकते हैं। इसलिए इनका सेवन अलग-अलग समय पर करना ही बेहतर है।
मछली
घी और मछली का संयोजन भी सेहत के लिए नुकसानदायक माना गया है। आयुर्वेद में घी को 'गर्म तासीर' और मछली को 'ठंडी तासीर' का बताया गया है। जब दोनों को एक साथ खाया जाता है, तो यह शरीर के संतुलन को बिगाड़ सकता है और स्किन एलर्जी या पाचन गड़बड़ी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
दही
घी और दही दोनों ही दूध से बने होते हैं, लेकिन इनकी प्रकृति एक-दूसरे से विपरीत होती है। घी जहां गर्म और चिकनाईदार होता है, वहीं दही ठंडा और भारी होता है। दोनों का एक साथ सेवन मेटाबॉलिज्म को धीमा कर सकता है और पाचन संबंधी परेशानियां पैदा कर सकता है।
मूली
मूली को आयुर्वेद में तीखा और गर्म बताया गया है। जब इसे घी के साथ खाया जाता है तो यह पेट में गैस, अपच और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। खासकर कच्ची मूली के साथ घी का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा ये भी हैं
घी के सेवन के बाद ठंडी चीजें जैसे बर्फीला पानी या आइसक्रीम लेना पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकता है। इससे पेट भारी लग सकता है और अम्लता (Acidity) की समस्या हो सकती है।