/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/10/ai-pathshala-2025-08-10-23-03-23.jpg)
यूपी विधानसभा में पहली बार लगी 'AI' पाठशाला Photograph: (google)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। यूपी विधानसभा के हॉल का नजारा रविवार को कुछ अलग रहा। जहां आमतौर पर सत्तारूढ़ पार्टी और विपक्ष के बीच बहस और सवाल-जवाब का दौरान चलता है। वहां विधायक तकनीक की दुनिया में खोए नजर आए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अगुवाई में आयोजित कार्यशाला में विधायक अपने काम में स्मार्टनेस लाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बारीकियों को समझते नजर आए।
सर्वदलीय बैठक में सहयोग की अपील
सतीश महाना ने विधान भवन में सर्वदलीय बैठक में विधान सभा सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक वातावरण में तार्किक, तथ्य परक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है। महाना ने कहा कि ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ विजन डॉक्यूमेन्ट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
यूपी विधानसभा समग्र विकास की धुरी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल 11 अगस्त से उत्तर प्रदेश विधान मण्डल के वर्ष 2025 के द्वितीय सत्र का शुभारम्भ होगा। उत्तर प्रदेश विधान सभा प्रदेश के समग्र विकास की धुरी है। विगत वर्षां में विधान सभा ने पूरे देश में संसदीय कार्य प्रणाली की नजीर प्रस्तुत की है। इससे लोकतंत्र मजबूत हुआ है। सदन स्वस्थ चर्चा-परिचर्चा के लिए जाना जा रहा है। यह कार्य दलीय नेताओं के सहयोग से सम्भव हुआ है।
विधानसभा का सुंदरीकरण और हॉल का नवीनीकरण
विधान सभा अध्यक्ष के नेतृत्व में विधान सभा में नवाचार की श्रृंखला शुरू हुई है। सदन में डिजिटाइजेशन, गैलरी के सुन्दरीकरण, हॉल के नवीनीकरण जैसे विभिन्न कार्य किये गये हैं। यह कार्य देश के लिए अनुकरणीय बने हैं। विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के स्पीकर, संसदीय कार्य मंत्री आदि इन नवाचारों को देखने आते हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है।
संसदीय पंरपराओं का पालन जरूरी
सीएम योगी ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाए रखते हुए गम्भीर चर्चा को आगे बढ़ाने से लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ती है। प्रदेश सरकार राज्य के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। संसदीय परम्पराओं का पालन करते हुए सभी सदस्यों को अपने सुझावों एवं मुद्दों को सदन में रखना चाहिए। विधान सभा में सकारात्मक माहौल में चर्चा होनी चाहिए।
विजन डॉक्यूमेंट पर सकारात्मक चर्चा का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सत्र में सदस्य ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ विजन डॉक्यूमेन्ट की कार्ययोजना के सम्बन्ध में आगामी 13 अगस्त से 24 घण्टे के लिए सकारात्मक चर्चा को आगे बढ़ाएं। यह सार्थक परिचर्चा देश व प्रदेश की प्रगति का माध्यम बनेगी और उत्तर प्रदेश विधान सभा देश में राज्य की एक नई छवि प्रस्तुत कर पाएगी। यह किसी पार्टी विशेष का नहीं, बल्कि राज्य का एजेण्डा है।
विजन डॉक्यूमेंट तीन माह में तैयार करने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इस विजन डॉक्यूमेन्ट को आगामी तीन माह में तैयार करने का है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ विजन डॉक्यूमेन्ट को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का कार्य करेगी। विजन डॉक्यूमेन्ट के दृष्टिगत आम जनता के विचारों को जानने के लिए क्यूआर कोड जारी किया जा रहा है। यह क्यूआर कोड विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए जाएंगे।
सदन में क्षेत्रीय मुद्दों के साथ समग्र विकास की भी बात होगी- खन्ना
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। सभी दलों ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन में सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। यह एक अच्छी परम्परा है। सदस्यगण सदन में अपने क्षेत्र से सम्बन्धित मुद्दां को रखते हैं, लेकिन इस विजन डॉक्यूमेन्ट के माध्यम से वह पूरे प्रदेश के समग्र विकास की बात रख सकेंगे।
यह भी पढ़ें- मानसून सत्र से पहले विधाभवन को नई सौगात, CM Yogi ने गुंबद और सभा मंडप का किया लोकार्पण
यह भी पढ़ें यूपी में फाइलेरिया के खिलाफ बड़ी मुहिम, 27 जिलों में एक साथ एमडीए अभियान शुरू
up vidhansabha | AI class