/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/03/xeY2iuncFbS9NlwoBPo4.jpeg)
नाव पर योग कर छात्राओं ने दिया अनोखा संदेश Photograph: (YBN)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय के योग विभाग, फैकल्टी ऑफ योग एंड अल्टरनेटिव मेडिसिन के तत्वावधान में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर एक अनूठे योग शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में विभाग की छात्राओं ने गोमती नदी के कुड़िया घाट पर नाव पर योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
प्राकृतिक वातावरण में योग के कई लाभ
आयोजित इस योग शिविर का दृश्य अत्यंत मनमोहक रहा, जब छात्राएं बहती नदी के बीच नाव पर संतुलन बनाकर योगासन करती नजर आईं। आयोजन की अगुवाई कर रहे योग संकाय के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमरजीत यादव ने बताया कि प्राकृतिक जलस्रोत, विशेषकर नदी में योग करने से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ कई गुना बढ़ जाते हैं। नदी के किनारे की स्वाभाविक ध्वनियां तनाव, चिंता और अवसाद को कम करने में सहायक होती हैं। बहते जल की आवाज ध्यान को गहराई देती है और मन को शांति मिलती है।
संतुलन, शक्ति और एकाग्रता का समन्वय
कोऑर्डिनेटर ने बताया कि प्राणायाम के अभ्यास के लिए नदी के किनारे की शुद्ध और ऑक्सीजन युक्त हवा अत्यंत लाभकारी होती है। सूर्य की किरणों से शरीर को विटामिन डी और ऊर्जा प्राप्त होती है, जिससे योग का प्रभाव और अधिक प्रभावशाली हो जाता है। नाव पर योग करने से मांसपेशियां सशक्त होती हैं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी वृद्धि होती है।
स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
इस अवसर पर छात्राओं मोनिका सिंह, अर्चना वर्मा, प्रीती मनुज, सुष्मिता सिंह, खुशबू गौतम, अमिता शुक्ला, संजना, अंकिता साहू, संजना कुशवाहा, रुचि धवन, पुष्पा, प्रगति तिवारी, वर्षा आदि ने सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों का बेहद आकर्षक प्रदर्शन किया। शांत वातावरण और प्रकृति की गोद में योग करते हुए छात्राओं ने न केवल शारीरिक और मानसिक संतुलन का परिचय दिया, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश भी दिया।
यह भी पढ़ें- सावधान : लखनऊ में Corona का एक और मरीज मिला, अब तक इतने लोग हुए Covid Positive
यह भी पढ़ें- UP News : शौचायल पुरुषों का, सफाई कर रहीं महिला कर्मी, अब कोर्ट ने मांगा जवाब
यह भी पढ़ें- Ayodhya : सजे मन्दिर शुभ दीप उजासे, रामलला अब सिंहासन पासे