नोएडा, वाईबीएन डेस्क। Greater Noida News: America के बर्मिंघम (Birmingham, USA) में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में भारत के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से ताल्लुक रखने वाले राजेश भाटी और बबीता नागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। बता दें कि वर्ल्ड पुलिस गेम्स का आयोजन अमेरिका में 25 जून से 7 जुलाई तक किया जा रहा है।
राजेश भाटी ने दिखाया दम, जेवर का नाम रोशन
जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमालपुर निवासी राजेश भाटी ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल झटक लिया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले भर में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाइयों से नवाजा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि मजबूत संकल्प और मेहनत के साथ सीमित संसाधनों के बावजूद कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बबीता नागर ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में मारी बाजी
ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर गांव की निवासी और अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता नागर ने 68 किलोग्राम भार वर्ग में अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर स्वर्ण पदक जीता है। बबीता की इस कामयाबी पर खेल जगत से लेकर स्थानीय निवासियों तक हर कोई गर्व महसूस कर रहा है। बता दें किबबीता नागर इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनकी यह जीत बेटियों की ताकत, लगन और नारी सशक्तिकरण का प्रतीक मानी जा रही है। बता दें कि दिल्ली पुलिस में कार्यरत बबीता नागर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आने वाली सौ से अधिक लड़कियों को पहलवानी के गुरु सिखा रही हैं।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जनपद में उत्सव का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह जीत न सिर्फ जिले बल्कि पूरे देश के युवाओं को प्रेरणा देगी। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।