/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/19/up-roadways-bus-2025-08-19-09-44-40.jpg)
नोएडा, वाईबीएन डेस्क। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) के हाथरस डिपो ने आनंद विहार से हाथरस के लिए पांच अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। आनंद विहार और हाथरस के बीच इन बसों का संचालन वाया नोएडा होगा। यानी नोएडा वालों को भी हाथरस आने जाने में सुविधा होगी। अब तक हाथरस डिपो से नोएडा के लिए केवल एक बस चलती थी, इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पांच नई बसें और जोड़ी गई हैं। नोएडा डिपो की ओर से पहले से ही नौ बसें नियमित रूप से हाथरस से नोएडा रूट पर चल रही हैं, और जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या 20 तक कर दी जाती है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (हाथरस डिपो) प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों की मांग के आधार पर यह सेवाएं शुरू की गई हैं और जल्द ही इनकी समय-सारणी भी तय कर दी जाएगी। नई शुरू हुई बसें नोएडा होते हुए सीधे आनंद विहार तक जाएंगी।
ग्रेटर नोएडा से भी हो रहा बसों का संचालन
UP Raodways: ग्रेटरनोएडा से अनूपशहर और हाथरस आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है। रोडवेज ने इन दोनों रूटों पर दो- दो बसों का संचालन शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है और अच्छा रेस्पॉन्स मिलता है तो बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। एआरएम सतेंद्र कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि हाथरस और अनूपशहर के लिए फिलहाल दो-दो बसें शुरू की गई हैं। एआरएम ने बताया कि इन दोनों रूटों पर यात्रियों की लगातार मांग आ रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है।
जानिए हाथरस के लिए कहां से कितने बजे मिलती है बस
- पहली बस सुबह करीब 10 बजे ग्रेटर नोएडा से नोएडा जाएगी, वहां से ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए परी चौक आएगी और फिर यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए अलीगढ़ के रास्ते हाथरस पहुंचेगी।
- दूसरी बस दोपहर 2:30 बजे नोएडा से हाथरस के लिए चलेगी, जो रात को हाथरस में रुककर अगली सुबह ग्रेटर नोएडा वापस आएगी।
अनूपशहर रूट के बारे में भी जानें
- पहली बस सुबह 9 बजे ग्रेटर नोएडा डिपो से रवाना होगी। यह नोएडा, परी चौक, बिलासपुर, सिकंदराबाद और बुलंदशहर होते हुए अनूपशहर पहुंचेगी।
- दूसरी बस सुबह 11:30 बजे ग्रेटर नोएडा से चलेगी और नोएडा होते हुए सीधे अनूपशहर जाएगी।