नोएडा, वाईबीएन डेस्क।
छिजारसी गांव में छेड़छाड़ की घटना से परेशान एक किशोरी ने फंदे पर लटककर जान दे दी। आरोपी दूर के रिश्ते का मामा है। उसने 10 साल की अपनी बेटी से पीड़िता को घर बुलाया और छेड़छाड़ की। पुलिस ने गुरुवार रात आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पीड़िता का परिवार गांव में किराये के कमरे में रहता है। दंपति की 16 साल की एक बेटी और दो बेटे है। किशोरी के पिता कंपनी में काम करते हैं, जबकि मां एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। पड़ोस में ही किशोरी के मामा भी परिवार के साथ रहता है। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम सूचना मिली कि किशोरी ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और वीडियोग्राफी के बाद शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपनी 10 साल की बेटी के जरिए बुलाया था
इस दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि मृतका के साथ उसके रिश्ते के मामा रामपाल ने छेड़छाड़ की थी। इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। वह पहले भी किशोरी को घर बुलाता रहता था। यही आरोप किशोरी के माता-पिता ने भी लगाया। उनका कहना है कि शाम के समय दोनों बेटे मोहल्ले में खेलने गए थे। पड़ोस में रहने वाले किशोरी के रिश्ते के मामा ने अपनी 10 साल की बेटी से उनकी बेटी को घर बुलाया था। तब से आरोपी फरार था।
यह भी पढ़ें: Noida Police ने पकड़े 8 Bangladeshi, Bharat आने के बाद बनाया था फर्जी आधार और पैन कार्ड
मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। पुलिस को गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली, जिसमें किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। जिसके बाद पुलिस ने टीम को एक्टिव किया और आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी गई। पुलिस बेहोलपुर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक शख्स पुलिस को देकर एफएनजी सर्विस रोड ग्रीन बेल्ट की तरफ भागने लगा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने फायर किया। जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान रामपाल पुत्र गुलाब सिंह के रुप में हुई। उसके पास से एक तमंचा बरामद किया गया। आरोपी को जिला अस्पताल भेजा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।