शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता
परशुराम जयंती इस बार 30 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस दिन अक्षय तृतीया पर शाहजहांपुर नगर में भगवान परशु राम की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसके लिए ब्राह्मण संगठनों ने व्यापक तैयारी की हैं।
ब्राह्मण संगठनोंसे जुड़ीं कनुप्रिया शर्मा ने बताया कि इस बार सभी ब्राह्मण संगठन एक मंच पर आकर परशुराम जयंती बनाएंगे। ब्राह्मण समाज में भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम जी के प्रति श्रद्धाभाव को देखते हुए लगातार जयंती को भव्यता के साथ मनाया जाता रहा है। जलालाबाद में भगवान परशुराम जी की जन्म स्थली होने की वजह से भी पूरे क्षेत्र में लोगों में अपार श्रद्धा भाव है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को सुबह भगवान परशुराम की शोभायात्रा इस बार काफी भव्यता के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा की शुरुआत हनुमत धाम संस्कृत मंदिर से होगी और पूरे शहर में भ्रमण के बाद यह बाबा विश्वनाथ मंदिर पर संपन्न होगी। शोभायात्रा के बाद भंडारे का प्रसाद वितरण भी होगा। उन्होंने सभी ब्राह्मण बंधुओं के अलावा अन्य सभी से परशुराम जयंती समारोह में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया है।
जलालाबाद में परशुराम स्थली पर भी चल रही तैयारियां
जलालाबाद में परशुरामजन्म स्थली पर भी 30 अप्रैल को हवन यज्ञ के साथ पूजन होगा। इस दिन भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए परशुराम जन्मोत्सव समिति तैयारियों में जुटी है।