शाहजहांपुर वाईबीएन संवाददाता
प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के मध्यवर्ती हिस्सों से होकर गुजर रही पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी का असर उत्तर भारत के मौसम पर दिखने लगा है। इसके साथ ही पंजाब से बांग्लादेश तक फैली इस द्रोणी के प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भागों में आर्द्र पुरवा हवाएं सक्रिय हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दक्षिणी हिस्सों को छोड़कर शेष प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के तराई क्षेत्रों में निचली सतह की पुरवा हवाओं और मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं की प्रतिक्रिया के चलते बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं तड़ित झंझावात के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि शेष हिस्सों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। सबसे अहम बात यह है कि 21-22 मई के आसपास अरब सागर में एक संभावित कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अरब सागर से आने वाली नम दक्षिण-पश्चिमी हवाओं और पहले से सक्रिय दक्षिण-पूर्वी हवाओं के बीच समागम होगा। इस मिलन से प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की तीव्रता और उसका विस्तार बढ़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्से को छोड़कर अन्य इलाकों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। वहीं, बारिश की गतिविधियों में तेज़ी आने की पूरी संभावना है, जिससे किसानों और आम जनमानस को कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विशेषज्ञों की सलाह
– किसान फसलों की कटाई व भंडारण में जल्दबाज़ी करें।
– खुले स्थानों पर बिजली गिरने से बचने के लिए सावधानी बरतें।
– बच्चों और बुजुर्गों को अचानक बदलते मौसम से सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए स्थानीय मौसम केंद्र की वेबसाइट और समाचार माध्यमों से जुड़े रहें।
यह भी पढ़ें:
Crime Meeting: एसपी शाहजहांपुर ने ली अधीनस्थ अफसरों की क्लास, जानिए क्राइम कंट्रोल के क्या दिए टिप्स
Shahjahanpur News: गुर्दा और दिल का रोगी बना रहा हाई ब्लड प्रेशर, एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक विशेषज्ञों ने यह बताए बचाव के उपाय
Shahjahanpur News: सूटकेस में शव, भाई का धोखा, मर्डर मिस्ट्री का खौ़फनाक सच