/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/31/ind-vs-japan-1-2025-08-31-12-23-43.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप 2025 में आज रविवार को भारत और जापान के बीच पूल ए का अहम मुकाबला खेला जाएगा। भारत ने अपने पहले मैच में चीन को कड़ी टक्कर देते हुए 4-3 से हराया था। अब टीम इंडिया की नजरें इस जीत को बरकरार रखने और टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने पर हैं। हालांकि, चीन के खिलाफ कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के बावजूद टीम को तीन अंक हासिल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। भारत को पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की दर में सुधार करना होगा, और जापान के खिलाफ यह मौका है खुद को बेहतर साबित करने का। वहीं, जापान ने अपने पहले मैच में कजाकिस्तान को 7-0 से हराकर शानदार शुरुआत की है। भारत और जापान दोनों की झोली में बराबर अंक हैं, लेकिन जापान बेहतर गोल अंतर के कारण पूल ए में टॉप पर काबिज है।
अब तक का रिकॉर्ड: हेड टू हेड
भारत और जापान के बीच अब तक 20 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 17 मैच जीते, जबकि जापान को सिर्फ 2 बार जीत मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा है। इस रिकॉर्ड को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन जापान की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुकाबला आसान नहीं होगा। भारत इस टूर्नामेंट में सबसे ऊंची रैंकिंग (7) वाली टीम है और 2017 में एशिया कप जीत चुका है। इस बार भी टीम का लक्ष्य खिताब जीतकर बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले 2026 हॉकी वर्ल्ड कप के लिए सीधा क्वालिफाई करना है।
भारत की हॉकी टीम
कृष्ण बी पाठक (गोलकीपर), सूरज करकेरा (गोलकीपर), सुमित, जरमनप्रीत सिंह, संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, मनदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह
जापान की हॉकी टीम
शोटा यामादा, युतो हिगुची, यामातो कावाहारा, सेरेन तनाका, नारू किमुरा, काजुमासा मात्सुमोतो, मनाबू यामाशिता, रायकी फुजीशिमा (कप्तान), केन नागायोशी, युसुके कावामुरा, कोसी कावाबे, ताकाशी योशिकावा (गोलकीपर), किशो कुरोदा (गोलकीपर), कीता वतनबे, रयोसुके शिनोहारा, ह्योटा यामादा
hockey asia cup 2025 | asia cup 2025