/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/01/hockey-asia-cup-2025-3-2025-09-01-10-47-24.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन स्पोर्ट्स।हॉकी एशिया कप 2025 में सोमवार को भारत और कजाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हॉकी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरु होगा। भारत ने रविवार को जापान को 3-2 से हराकर टॉप 4 में जगह बना ली है। टीम ने टूर्नामेंट के दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की । इससे पहले 29 अगस्त को इंडिया ने चीन को 4-3 से हराया था। वहीं, कजाकिस्तान को अपने दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। बीते रविवार चीन ने कजाकिस्तान को 13-1 के बड़े अन्तर से हराया। इससे पहले भी टीम को जापान से 7-0 से हार झेलनी पड़ी।
WE GO AGAIN! 🔥
— Hockey India (@TheHockeyIndia) September 1, 2025
India take on Kazakhstan in their final Pool stage match at the Hero Asia Cup, Rajgir, Bihar 2025.
🕖: 7:30 PM IST
📺: Sony TEN 1 & Sony LIV@asia_hockey@BSSABihar@WeAreTeamIndia@IndiaSports@Media_SAI@CMO_Odisha@sports_odisha#HumSeHaiHockey… pic.twitter.com/fp5mPcgbT7
भारत के मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह
भारतीय टीम के मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में भारत ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत की लय कायम रखी है। जापान को हराकर टीम ने ग्रुप ए में पहला स्थान हासिल किया है और आज कजाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगी। रविवार को राजगीर स्टेडियम में हजारों दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने हर गोल पर तालियों और नारों के साथ टीम का जोश बढ़ाया।
दर्शकों का जोश हाई
राजगीर में इन दिनों हॉकी का माहौल किसी महाकुंभ से कम नहीं है। सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे हैं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भारतीय टीम को लाइव देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, तिरंगे झंडों की लहर और जोशीले नारों से स्टेडियम पूरी तरह उत्साह से भर गया है। हर गोल पर दर्शकों की तालियों और जयकारों से खिलाड़ियों को जबरदस्त ऊर्जा मिल रही है।
आज चार मुकाबले खेले जाएंगे
1 सितंबर 2025 को हॉकी एशिया कप में पुरुष वर्ग के चार मुकाबले खेले जाएंगे, सभी मुकाबले बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हॉकी स्टेडियम, बिहार में होंगे। दिन की शुरुआत बांग्लादेश और कोरिया के बीच दोपहर 1:30 बजे से होगी। इसके बाद मलेशिया और चाइनीज ताइपे की टीमें 3:30 बजे आमने-सामने होंगी। तीसरा मुकाबला 5:30 बजे से चीन और जापान के बीच खेला जाएगा। दिन का अंतिम और बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत और कजाकिस्तान के बीच 7:30 बजे से होगा, जिसमें भारतीय टीम जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
hockey asia cup 2025 | asia cup 2025