/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/20/F5xJYZthjGAp5HYqSyr2.jpg)
DELHI AKBAR ROAD NEWS
Maharashtra में औरंगजेब की कब्र को लेकर खूब बवाल हुआ। हिंदू-मुस्लिम आमने-सामने आ गए। नागपुर में तो औरंगजेब के नाम पर हिंसा हो गई। पुलिस को एक्शन लेना पड़ा। मास्टरमाइंड फहीम खान को पकड़ा गया। मामले में कई एफआईआर दर्ज हुईं।
दूसरी ओर दिल्ली में अकबर रोड को लेकर कुछ युवकों ने एक वीडियो वायरल किया है जिसमें वे रोड पर लगे एक साइन बोर्ड पर लिखे अकबर रोड पर काला पेंट लगाकर वहां कुछ पोस्टर लगा दिए। हालांकि सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और साइन बोर्ड को साफ कराया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
अब दिल्ली में शुरू हुई हलचल
अब महाराष्ट्र की तरह दिल्ली में भी मुगलों के नाम पर हलचल शुरू हो गई है। जी हां, महाराष्ट्र में औरगंजेब के बाद अब दिल्ली में अकबर पर बवाल के आसार हैं। दिल्ली में अकबर रोड के नाम को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुआ है।
दरअसल, दिल्ली में मुगलकालीन शासकों के नाम पर जो सड़कों के नाम हैं, उनको बदलने की मांग उठाने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बार अकबर रोड के नाम को बदलने की मांग उठाई गई है। बुधवार की रात कुछ लोगों ने अकबर रोड वाले साइन बोर्ड पर कालिख पोत दिया। अकबर रोड वाले बोर्ड पर कुछ लोगों ने महाराणा प्रताप का पोस्टर लगा दिया। उनका कहना है कि जिस तरीके से दिल्ली के आईएसबीटी पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, उसके विरोध में ही अकबर रोड पर उन्होने ऐसा किया है।
युवक कर रहे यह मांग
अकबर रोड के नाम बदलने की मांग करने वालों ने कहा कि हम मांग करते हैं कि अकबर रोड रास्ते का नाम बदलना चाहिए। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें तीन युवक दिख रहे हैं। ये अकबर रोड वाले साइन बोर्ड पर कालिख पोतते हैं और उसके बाद महाराणा प्रताप की फोटो लगाते हैं। इस वीडियो में इन लोगों ने अपनी मंशा जाहिर कर दी।
इनमें से एक युवक कहता है, ‘जय भवानी, जय महाराणा। महाराणा प्रताप का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। आईएसबीटी बस अड्डे पर महाराणा प्रताप की अष्टधातु की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की गई है। दिल्ली पुलिस कह रही है कि बंदरों द्वारा तोड़ी गई है। मैं कहना चाहता हूं कि हमको मूर्ख न बनाएं। अष्टधातु की मूर्ति सम्मान के साथ वापस उसी जगह पर लगाकर बताएं। वरना चेतावनी है यह साफ तौर पर कि एक भी अक्रांताओं का नाम नहीं छोड़ेंगे, मिटा देंगे। जय भवानी।’
हालांकि, आज यानी शुक्रवार की सुबह कालिख और पोस्टर को साफ किया जा चुका था। कुछ निशान अकबर रोड बोर्ड पर देखे जा सकते थे। बहरहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।