/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/23/stampede-during-ration-distribution-2025-06-23-12-37-21.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राशन वितरण केंद्र पर सोमवार को उस वक्त हालात बिगड़ गए, जब लंबे इंतजार के बाद भीड़ ने अपना संयम खो दिया और बंद गेट को तोड़कर अंदर घुस गई। दरअसल, राशन लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। जब राशन वितरण केंद्र का दरवाजा टूटा तो अंदर घुसने के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई। इस दौरान भगदड़ में कई लोग नीचे गिर गए और चोटिल हो गए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भीड़ किसी मैराथन के लिए नहीं, अपना पेट भरने के लिए दौड़ रही है। ये गरीब हैं। इसमें बच्चे हैं, बूढ़े हैं, महिलाएं हैं। सबकी सिर्फ एक ही उम्मीद है। किसी तरह सरकारी राशन मिल जाए।
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) June 23, 2025
📍गरियाबंद, छत्तीसगढ़ pic.twitter.com/jf3QAL9egI
तीन महीनों से नहीं मिला राशन
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते तीन महीनों से सरकारी राशन नहीं मिल रहा था, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जैसे ही सूचना मिली कि तीन महीने का बकाया राशन बंटने वाला है, बड़ी संख्या में लोग केंद्र पर जमा हो गए। राशन वितरण केंद्र के दरवाजे पर ताला पड़ा था। बड़ी संख्या में लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया और राशन लेने के लिए टूट पड़े, जिससे स्थिति बिगड़ गई। गेट टूटते ही हालात बेकाबू हो गए। राशन पाने की होड़ में लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए भीतर घुसने लगे। अफरा-तफरी के इस माहौल में कई लोग जमीन पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
तकनीकी समस्या, कुप्रबंधन के आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वितरण की प्रक्रिया में बार-बार तकनीकी समस्याएं आ रही थीं। फिंगरप्रिंट मिलान न होना, सर्वर फेल होना और ओटीपी जनरेट न होने जैसी दिक्कतों ने हालात को और गंभीर बना दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय प्रशासन और खाद्य विभाग पर कुप्रबंधन के आरोप लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह अव्यवस्था कई दिनों से चल रही थी, लेकिन समाधान के कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि घायलों को जरूरी चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। trending news | Chhattisgarh news | Viral Video