पंजाब के तरनतारन जिले से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है। विवाद की सूचना पर टीम के साथ पहुंचे दारोगा को उसी की पिस्टल से उड़ा
दिया गया। दहला देने वाला यह वाकया खडूर साहिब
क्षेत्र के गांव कोट मोहम्मद खां का है। आरोप आम आदमी पार्टी से जुड़े सरपंच पर लगा है। हैरत की बात यह है कि पुलिस टीम इतनी बड़ी घटना के बाद किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। सब- इंस्पेक्टर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद की सूचना पर पहुंचे थे, विवाद सुलझाना तो दूर दारोगा जी खुद इस विवाद के शिकार हो गए। सूचना के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। इस दौरान एक एएसआई के भी घायल होने की सूचना है।
नामजद हुए सरपंच कुलदीप सिंह
थाना श्री गोइंदवाल साहिब के सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एएसआई जसबीर सिंह की बाजू तोड़ दी गई। हमलावरों से सब- इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की थी। घटना के संबंध में थाना श्री गोइंदवाल साहिब में आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच कुलदीप सिंह सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
10 दिन से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक सरपंच कुलदीप सिंह के बेटे और गांव के ही अर्शदीप सिंह के बीच पिछले दस दिनों से विवाद चला आ रहा था। विपक्षी पक्ष की शिकायत पर भी पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद शाम 4 बजे विवाद निपटाने का समय तय किया गया। लेकिन आरोप है कि सरपंच पक्ष द्वारा गांव में गुंडागर्दी की गई, जिसकी शिकायत पुलिस हेल्पलाइन पर की गई।
जानिए बुधवार रात क्या हुआ
रात करीब 8:30 बजे सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह, एएसआई जसबीर सिंह और अन्य
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। लगभग 9:35 बजे फिर से दोनों पक्ष भिड़ गए। जब सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ने हालात काबू में करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनकी रिवॉल्वर छीनकर उन पर तीन गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल चरणजीत सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान एएसआई जसबीर सिंह को भी बुरी तरह पीटा गया और उनकी बाजू तोड़ दी गई।
घटना के समय डीएसपी अतुल सोनी और थाना प्रभारी प्रभजीत सिंह गिल भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन फायरिंग की आवाज सुनते ही वे पीछे हट गए। एसपी (आई) अजयराज सिंह के अनुसार, आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।