मुंबई, वाईबीएन नेटवर्क।
Mumbai News: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सार्वजनिक परिवहन के लिए जल्द ही एकल कार्ड की शुरुआत होने वाली है, इससे मुंबई वालों की यात्रा बेहद आसान हो जाएगी। जो लोग रोजाना मेट्रो या लोकल ट्रेन से रोजाना सफर करते हैं, खासतौर से उनके लिए ये एकल कार्ड बहुत फायदेमंद साबित होगा। दरअसल, इस एकल कार्ड के जरिए आप मेट्रो, मोनो रेल, लोकल ट्रेन और पब्लिक ट्रांसपोर्ट बसों में सफर कर सकेंगे। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई वालों को क्या होगा फायदा?
मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ‘मुंबई 1’ नाम से कार्ड चलाया जाएगा। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। फडणवीस ने कहा, ‘‘कार्ड की ‘डिजाइन’ एक महीने में तैयार हो जाएगी।’’ सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एकल कार्ड का उपयोग मेट्रो, मोनो रेल, उपनगरीय लोकल ट्रेन और सार्वजनिक परिवहन की बसों में यात्रा के लिए किया जा सकेगा। एकल कार्ड के आने से यात्रियों को अलग-अलग टिकट लेने की जरुरत नहीं पड़ेगी, बल्कि एक ही कार्ड से हर जगह सफर कर सकेंगे। इसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
गोंदिया-बल्लारशाह रेलवे लाइन को मंजूरी
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पूर्वी महाराष्ट्र में गोंदिया-बल्लारशाह रेलवे लाइन को मंजूरी दे दी गई है और इससे विदर्भ तथा पड़ोसी छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच संपर्क बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 4,019 करोड़ रुपये की होगी।
मुंबई में 17 हजार करोड़ की परियोजनाएं
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में 1,73,804 करोड़ रुपये के रेलवे कार्य चल रहे हैं और इस साल 23,778 करोड़ रुपये के नए कार्यों को मंजूरी दी गई है। रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई उपनगरीय नेटवर्क के लिए 238 नई वातानुकूलित ट्रेन को मंजूरी दी गई है और उनका निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। वैष्णव ने कहा कि मुंबई शहर में 17,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं और इससे देश की वित्तीय राजधानी में रेलवे नेटवर्क का कायापलट हो जाएगा।