आजमगढ़, वाईबीएन नेटवर्क।
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) आजमगढ़ में एक युवक की मौत पर जमकर बवाल हो गया। मृतक के परिजनों ने थाने का घेराव कर लिया। युवक की मौत पर भड़के लोगों ने पुलिस की जीप समेत कई गाड़ियां तोड़ दीं। पुलिस पर भी पथराव भी किया गया। पुलिस पर युवक की हत्या करने का आरोप लगा है। इस मामले के सामने आने के बाद थाना प्रभारी कमलेश पटेल सहित एक दरोगा और एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है। तनावपूर्ण माहौल देखते हुए पुलिस ने चारों थानों में भारी फोर्स तैनात की है।
पुलिस कस्टडी में युवक की मौत
पुलिस कस्टडी में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आजमगढ़ के पुलिस स्टेशन में 28 साल के सनी कुमार की लाश फांसी पर लटकी मिली। बाथरूम में 6 फीट ऊंची खिड़की से पायजामे के नाड़े के सहारे युवक का शव लटका हुआ था। जिसके बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर मृतक के परिजनों ने थाने का घेराव किया और जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया।
पुलिस की पिटाई से हुई सनी की मौत?
तरवां थाना क्षेत्र के उमरी भंवरपुर गांव निवासी सनी कुमार को एक लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। लड़की की शिकायत के आधार पर सनी को हिरासत में लियागया था। इसी दौरान बाथरूम में सनी का शव लटका मिला। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस पर हत्या के आरोप लगाए और थाने में प्रदर्शन किया। मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने सनी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इसे सुसाइड करार दिया जा रहा है, लेकिन ये हत्या है।