/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/25/bulandshahr-road-accident-2025-08-25-10-22-26.jpg)
बुलंदशहर, आईएएनएस। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा में हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो- दो लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है,जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सभी घायलों के इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी। बता दें कि सोमवार सुबह एक ट्रैक्टर ट्राली में टैंकर की टक्कर से हुए भीषण हादसे में आठ की मृत्यु हो गई, जबकि 45 लोगों का इलाज चल रहा है। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि अलीगढ़ के बॉर्डर एनएच 34 पर यह हादसा हुआ।
जानिए कैसे हुआ भीषण हादसा
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि एक ट्रैक्टर में करीब 60 से 61 लोग कासगंज थाना क्षेत्र के लोग राजस्थान जा रहे थे, तभी पीछे आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। इस कारण ट्रैक्टर पलट गया और काफी संख्या में लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां पर आठ लोगों की मृत्यु हो गई। मरने वालों एक बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं। 45 लोगों का उपचार चल रहा है, जिसमें तीन लोग गंभीर हैं। 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 10 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है। 23 लोगों का इलाज अन्य अस्पताल में हो रहा है। एसएसपी ने बताया कि मौके से ट्रैक्टर हटा लिया गया है। जिस ट्रक से हादसा हुआ है, वह पुलिस कस्टडी में है। सभी कार्यवाही की जा रही है। प्राथमिकता घायलों का इलाज है। उसके लिए व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे में ट्रॉली सवार सभी श्रद्धालु इधर-उधर जा गिरे। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन, एंबुलेंस और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Road accident | UP Road Accident | Road Accident News | CM yogi | up government