देहरादून, वाईबीएन डेस्क। महानगर युवा कांग्रेस कमेटी देहरादून ने भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा व रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहित मेहता ने किया। इस दौरान 51 युवाओं ने रक्तदान कर स्व. राजीव गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शिवि चौहान ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज और युवाओं को सशक्त करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के जरिए पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती दी।
दूरसंचार क्रांति के जनक थे राजीव गांधी
राजीव गांधी को दूरसंचार क्रांति का जनक बताते हुए उत्तराखंड युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि 1984 में उनके प्रयासों से ‘C-DOT’ और 1986 में ‘MTNL’ की स्थापना हुई, जिससे गांव-गांव तक संचार नेटवर्क पहुंचा। इसके अलावा, 1989 में उन्होंने वोट देने की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष कर करोड़ों युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ा। मोहित मेहता ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदृष्टि से देश में जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना हुई, जिससे ग्रामीण और गरीब बच्चों को उच्च गुणवत्ता की निःशुल्क शिक्षा मिल सकी। वर्ष 1986 में शुरू की गई नई शिक्षा नीति से देश के शिक्षा ढांचे को मजबूती मिली।
राजीव गांधी के योगदान को नहीं भूल सकता देश
मोहित मेहता ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने, लोकतंत्र को मजबूत करने और भारत को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में राजीव गांधी के योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता। देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान तक दिया। रक्तदान शिविर के दौरान युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर उनके सपनों के भारत को साकार करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर, महिला नेता मोनिका, युवा नेताओं में नवीन रमोला, विनीत भट्ट, रोबिन त्यागी, महेंद्र रावत, अंकित थापा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।