crocodile news
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। सीतापुर जिले में एक तालाब में मछुआरे जाल डालकर मछली पकड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। मछुआरों के जाल में एक विशालकाय मगरमच्छ फंस गया। अफरातफरी के बीच मछुआरों ने ग्रामीणों की मदद से उसे किनारे पर निकाला। जाल में मगरमच्छ फंसने की खबर गांव में उसी तरह फैली, जैसे जंगल में आग फैलती है। मगरमच्छ को देखने के लिए बड़े बूढ़े और बच्चे, जवान सब मौके पर जुट गए। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली के शाहकुलीपुर गांव का है। यहां कुछ मछुआरे रोज की तरह तालाब में मछली पकड़ने के लिए जुटे थे, लेकिन उनके जाल में मछली की जगह एक विशालकाय मगरमच्छ फंस गया। यह देखते ही वहां हड़कंप मच गया। मछुआरों ने किसी तरह गांव वालों की मदद से उसे बाहर निकाला और बाद में वन विभाग की टीम को सौंप दिया। इस बीच, मगरमच्छ को देखने के लिए वहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।