मथुरा, वाईबीएन नेटवर्क।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मथुरा में पेट दर्द से परेशान एक युवक ने खुद का ऑपरेशन कर दिया। युवक ने इंटरनेट पर ऑपरेशन करने का तरीका देखा, इसके बाद मेडिकल स्टोर से ऑपरेशन के लिए जरूरी सामान खरीदा और इसके बाद पेट में चीरा लगाकर अपना ऑपरेशन करना शुरू कर दिया। हालत बिगड़ने के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पेट सुन्न कर शुरू किया ऑपरेशन...
युवक ने मेडिकल स्टोर से सुन्न करने वाला इंजेक्शन (एनेस्थीसिया) खरीदा। इसके बाद खुद को एनस्थीसिया का इंजेक्शन लगाया। पेट सुन्न करने के बाद उसने पेट में 7 इंच लंबा चीरा लगाया और उसके बाद टांके भी मार लिए। युवक ने पेट में 12 टांके मारे, इसके बाद उसकी हालत गंभीर होने लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पेट में चीरा लगाकर टांके लगाए
ये मामला मथुरा के सुनरख गांव का है। युवक का नाम राजाबाबू (32) है। वह पेट दर्द से परेशान था और इससे छुटकारे के लिए उसने खुद ही ऑपरेशन करने की ठानी। बुधवार दोपहर घर के एक कमरे में बंद होने राजाबाबू ने पेट के ऑपरेशन की कोशिश की। बताया जा रहा है कि चीरा लगाने के दौरान सर्जिकल ब्लेड पेट के ज्यादा गहराई में चली गई, जिससे तेजी से खून का रिसाव होने लगा। इसके बाद युवक ने खुद ही टांके लगा लिए। इसके बाद भी जब खून रिसना नहीं रुका तो वह परिजनों के पास पहुंचा। इसके बाद घबराए परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
इंटरनेट से रिसर्च के बाद किया ऑपरेशन
बताया जा रहा है कि युवक ने ऑपरेशन से पहले इंटरेनट पर रिसर्च की थी। उसने सर्जिकल ब्लेड, टांके लगाने का सामान और एनस्थीसिया के इंजेक्शन समेत ऑपरेशन के लिए जरूरी सामान बाजार से खरीदा था। जानकारी के मुताबिक, कई साल पहले राजाबाबू का अपेन्डिस का ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद भी पेट दर्द बना रहता था। जांच कराई तो सबकुछ नॉर्मल आया, लेकिन वह दर्द से परेशान रहता था। जिसके बाद राजाबाबू ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया।
यह भी पढ़ें: आज से हाईवे पर दौड़ेंगे वाहन, Punjab Police ने खाली कराया बॉर्डर, अब क्या करेगा SKM