/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/24/NCJOCA620CUN69Yqf7n1.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
श्री हरि मंदिर मॉडल टाउन, बरेली में आज आनंद महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर श्री हरि मंदिर प्रबंध समिति, बरेली ने पूज्य महाराज का भव्य स्वागत किया। महिला मंडल द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया गया। महोत्सव के प्रथम दिन कृष्णीय धाम पीठाधीश्वर, प्रातः स्मरणीय परम पूज्य श्री सदगुरु, श्री गुरुशरणानंद महाराज (रमणरेती धाम, गोकुल) के सानिध्य में भक्ति संकीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया।
निंदा और प्रशंसा से परे रहकर सत्य के मार्ग पर चलना ही सच्ची भक्ति
परम पूज्य श्री सदगुरुदेव महाराज ने अपने दिव्य प्रवचनों से उपस्थित भक्तों को आनंदित किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई हमारी झूठी प्रशंसा करता है तो हमें अभिमान नहीं करना चाहिए, क्योंकि हमें स्वयं पता होना चाहिए कि हम वास्तव में क्या हैं। निंदा का प्रभाव हम पर नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि सच्चे संत प्रेमवश हमारे कल्याण के लिए उचित मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि जीवन में धर्म और सदाचरण नहीं है, तो किसी भी सांसारिक सुख से वास्तविक संतोष नहीं प्राप्त किया जा सकता।
दुख का कारण बाहरी परिस्थितियाँ नहीं, बल्कि स्वयं व्यक्ति होता है
महाराज ने अपने प्रवचन में कहा, "हम कीर्तन में झूमते हैं, वृंदावन जाते हैं, मंदिर जाते हैं, जिससे हमें सुख की अनुभूति होती है। यह सब हम भगवान के लिए नहीं बल्कि अपने सुख के लिए करते हैं। हर जीव की स्वाभाविक अभिलाषा होती है कि वह दुख से मुक्त होकर सुखी रहे।" उन्होंने समझाया कि दुख का कारण बाहरी परिस्थितियाँ नहीं, बल्कि स्वयं व्यक्ति होता है। जीवन को सुचारू रूप से चलाने के लिए सतर्कता और विवेक आवश्यक है। जैसे एक वाहन को चलाने के लिए गति और ब्रेक का संतुलन बनाए रखना पड़ता है। वैसे ही जीवन में भी अनुशासन आवश्यक है।
भक्तजनों को मिले दिव्य दर्शन परम पूज्य श्री सदगुरुदेव महाराज के दिव्य दर्शन पाकर बरेली के भक्तों ने स्वयं को धन्य महसूस किया। श्री हरि मंदिर प्रबंध समिति के सचिव रवि छाबड़ा ने कहा कि, "परम पूज्य श्री सदगुरुदेव जी के दर्शन मात्र से अनेकों जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। उनका बरेली आगमन हम सभी के लिए भगवान की विशेष कृपा का प्रमाण है।" महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से प्रवचन की रसधारा बहाकर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
आनंद महोत्सव के समापन पर भक्तों का किया गया आभार व्यक्त
समापन एवं भंडारा आनंद महोत्सव के समापन पर मंदिर प्रबंध समिति एवं महिला मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने कहा कि, "हम प्रार्थना करते हैं कि परम पूज्य श्री सदगुरुदेव जी की कृपा हम सब पर सदैव बनी रहे।" महोत्सव के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
सेवा कार्य में समर्पित भक्तजन आज की सेवा में श्री रवि छाबड़ा, सुशील अरोरा, गोविंद तनेजा, अश्वनी ओबेरॉय, रंजन कुमार, योगेश ग्रोवर, अनिल चड्ढा तथा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती रेनू छाबड़ा अपनी पूरी टीम के साथ सक्रिय रूप से योगदान देते रहे। उनका निःस्वार्थ सेवा भाव सभी भक्तों के लिए प्रेरणास्रोत बना।