/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/24/1fe3MC62CPkoDR8pI1RU.jpg)
00:00/ 00:00
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। उड़ीसा में यौन उत्पीड़न से तंग महिला के आत्मदाह करने का मामला अभी शांत भी नहीं पड़ा था कि उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में भी वैसा ही मामला सामने आ गया। यहां असंदा क्षेत्र से वैसी ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार महिला ने जहर खाने के बाद बुधवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला पिछले 16 दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी उस्मान देश छोड़कर भाग गया है और फिलहाल सऊदी अरब में बताया जा रहा है। पुलिस ने महिला की सहेली शांति और उसके प्रेमी विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विनोद भाजपा से चुनाव लड़ चुके एक नेता का चचेरा भाई बताया जा रहा है। फरार आरोपी उस्मान को भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी गई है।
कैसे हुआ वारदात का खुलासा?
महिला के पति ने बताया कि वे काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। 7 जून को उनकी पत्नी अपनी सहेली शांति के साथ एक गांव में निमंत्रण में जा रही थी। इसी दौरान सहेली की मिलीभगत से गांव के ही विनोद और उस्मान ने महिला को रोक लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि दोनों ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करते रहे।
जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती
इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने 1 जुलाई को कीटनाशक खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 16 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतका का पांच साल का एक बेटा है।
पुलिस की कार्रवाई
परिजनों ने तीन दिन पहले असंद्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपी उस्मान सऊदी अरब भाग गया है और उसे वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा गया है। फिलहाल शांति और विनोद को जेल भेजा गया है।
Crime | Latest News Uttar Pradesh | uttar pradesh ki news
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us