नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। हरियाणा के फतेहाबाद में हैरतंगेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला और उसके प्रेमी की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। महिला के पति ने ही उसे प्रेमी समेत मौत के घाट उतारा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली जान
घटना फतेहाबाद के आंबेडकर चौक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे की की है। आरोपी ने महिला और उसके प्रेमी के ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। हमलावर की तलाश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
31 वर्षीय पूजा का 24 वर्षीय रितिक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूजा और उसका पति दीपक टोहाना के एक पिज्जा हट में काम करते थे। रितिक भी वहीं काम करता था। यहीं से रितिक और पूजा का संपर्क हुआ और इसके बाद उन दोनों का प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पूजा पति दीपक को छोड़कर पिछले 6 महीनों से रितिक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पूजा के दो बच्चे हैं, जो पिता दीपक के साथ रह रहे थे।
चाकू से गोदकर नृशंस हत्या
शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे रितिक और पूजा बाजार से आ रहे थे। इसी दौरान दीपक आ गया। उसने पूजा पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद दीपक ने रितिक को अपना निशाना बनाया। रितिक जान बचाने के लिए भागा, दीपक भी उसके पीछे भागा और उसे दबोचकर चाकू घोंप दिया। दीपक ने रितिक के ऊपर भी ताबड़तोड़ वार किए। मौके पर लोग पहुंचे तो दीपक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
crime news | murder news