/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/01/manojeet-mishra-2025-07-01-17-28-41.jpg)
आरोपी मनोजीत मिश्रा
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप (Kolkata Gangrape) की वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। लॉ स्टूडेंट से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी तृणमूल कांग्रेस के नेता मनोजीत मिश्रा के बारे में नया खुलासा हुआ है। कॉलेज परिसर में उसके नाम का ऐसा खौफ था कि छात्राएं उसे देखकर ही भागने लगतीं थीं। कॉलेज में वह मैंगो मिश्रा के नाम से चर्चित था। एक अन्य छात्रा ने मनोजीत मिश्रा के ऊपर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि कॉलेज ट्रिप के दौरान मनोजीत ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। इतना ही नहीं विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
ट्रिप पर की छेड़छाड़
एक निजी मीडिया चैनल से बात करते हुए पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह दो साल पहले कॉलेज से ट्रिप पर गई थी। मनोजीत भी कॉलेज ट्रिप पर गया था। इस दौरान उसने छात्रा को छेड़ना शुरू कर दिया, जब पीड़िता ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो उसने छात्रा से मारपीट की। इतना ही नहीं उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए उसे चुप रहने को कहा।
कई छात्राएं हुईं शिकार
छात्रा का आरोप है कि मनोजीत बहशी था। पीड़िता ने खुलासा करते हुए बताया कि कम से कम 15 छात्राएं मनोजीत की घिनौनी हरकतों का शिकार हो चुकी हैं। वह किसी भी छात्रा का फोटो खींच लेता था और सोशल मीडिया पर वायरल करता था। कई बार वह छात्राओं को ब्लैकमेल करता था और उनसे छेड़छाड़ भी करता था। पीड़ित छात्रा का दावा है कि कॉलेज परिसर में ऐसी कोई छात्रा शायद ही होगी, जिसने कभी मनोजीत का सामना नहीं किया होगा।
कॉलेज में मनोजीत की तूती बोलती थी
पीड़ित छात्रा पुलिस से मामले की शिकायत करना चाहती थी, लेकिन मनोजीत के राजनीतिक रसूख के चलते उसने चुप रहना पड़ा। मनोजीत मिश्रा तृणमूल कांग्रेस के छात्र परिषद का नेता था और इसी के चलते कॉलेज में उसकी तूती बोलती थी। हर कोई उससे खौफ खाता था। यहां तक कि कॉलेज के टीचर्स भी उसके आगे कुछ नहीं बोलते थे। कॉलेज प्रशासन भी उसे बचाता था और उसकी शिकायतों को दबा दिया जाता था।
छात्रों का विरोध प्रदर्शन
इस घटना को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। घटना के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज में सुरक्षा की मांग की और न्याय के लिए आवाज उठाई। छात्रों ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की और कॉलेज के संचालन में सुधार की मांग की। कॉलेज प्रशासन ने घटना में शामिल दो छात्रों को निष्कासित कर दिया है और मुख्य आरोपी, जो एक संविदा कर्मचारी था, की सेवा समाप्त कर दी है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए कॉलेज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कॉलेज में एक निष्पक्ष संचालन निकाय के गठन और छात्र प्रतिनिधियों को शामिल करने की भी मांग की। मुख्य आरोपी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। Kolkata gang rape | rape case