नई दिल्ली, आईएएनएस।
भाजपा नेता और शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनके साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री समेत उनकी पूरी कैबिनेट दिल्ली में यमुना नदी के घाट पर जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री और उनके मंत्री यमुना घाट पर साफ-सफाई का जायजा लेंगे। अपने इस कदम के साथ ही दिल्ली की नई सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं।
यमुना सफाई को गंभीरता से ले रही भाजपा
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से सत्ता में रही आम आदमी पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को साफ करने के वादे किए थे। लेकिन आप सरकार अपने इस वादे को पूरा नहीं कर सकी। दिल्ली विधानसभा चुनावों में यमुना की सफाई एक बड़ा मुद्दा बना था। अब दिल्ली की नई सरकार इस मुद्दे को काफी गंभीरता से ले रही है।
यह भी पढ़ें: Rekha Gupta के साथ दिल्ली कैबिनेट के 6 मंत्री भी लेंगे शपथ, रामलीला मैदान में होगा समारोह
शपथ ग्रहण समारोह
मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण की बात करें तो यह कार्यक्रम दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे, वहीं लोग भी इसमें शामिल होने के लिए न्यौता दिया गया है। भाजपा के कार्यकर्ता और मतदाता इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में काफी बड़े स्तर पर कार्यकर्ताओं व आम जनता की भागीदारी देखने को मिलेगी। शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान में 3 मंच बनाए गए हैं।
"जनता के एक-एक पैसे का हिसाब होगा"
शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता के एक-एक पैसे का हिसाब होगा। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सपना देखा है, उसे पूरा करेंगे। हम दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होकर काम करेंगे। जनता की पाई-पाई का हिसाब होगा। वहीं दिल्ली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले कपिल मिश्रा का कहना है कि वे सब लोग मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को पूरा करेंगे।
यह भी पढ़ें: ये चमत्कार है...,शपथ ग्रहण से पहले बोलीं दिल्ली की CM Rekha Gupta?
चौथी महिला मुख्यमंत्री
गौरतलब है कि रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता देश भर में भाजपा की अकेली महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा की ओर से दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले सुषमा स्वराज दिल्ली में मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रहीं रेखा गुप्ता एक प्रमुख छात्र नेता रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव और अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है। उन्होंने एलएलबी की भी पढ़ाई की है। वह दिल्ली में ही कई बार पार्षद रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: CM Delhi ने कहा- PM Modi के विजन को पूरा करना मेरी प्राथमिकता, Rekha Gupta बोलीं, पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी