नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते नेताओं के बीच जुबानी जंगल का सिलसिला जारी है। सियासी दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। अब इसी कड़ी में आप नेता और सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। संजय सिंह का आरोप है कि नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा पैसे बांट रहे हैं।
भाजपा नेता पैसे बांट रहे, चुनाव आयोग शांत बैठा
संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता पैसा, चादर और जूते बांटते हैं, लेकिन चुनाव आयोग शांत बैठा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा पैसे बांट रहे हैं। आपको बता दें कि प्रवेश वर्मा नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Saif Ali पर हमले को लेकर Nitesh Rane का तंज - हिंदू कलाकारों के लिए कोई आगे नहीं आता
आप की 60 से ज्यादा सीटें आएंगी- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी झूठ बोलकर दिल्ली का चुनाव नहीं जीत पाएंगे। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ही बनेंगे। संजय सिंह ने दावा करते हुए कहा कि AAP की फिर से 60 से ऊपर सीटें आएंगी। आप सांसद ने कहा कि AAP कार्यकर्ताओं पर झूठी शिकायतें की जा रही हैं, उन्हें थाने में बैठा लिया जा रहा है। फिर जांच में कुछ भी सामने नहीं आता। ये सब परेशान करने के लिए किया जा रहा है, ताकि कार्यकर्ता चुनाव-प्रचार न कर सकें।
दिल्ली विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है, वहीं 8 फरवरी को नतीजे सामने आएंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। दिल्ली में एक दशक से आम आदमी पार्टी की सरकार है। वहीं इस बार भाजपा और कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं।
ये भी पढ़ें: Subhash Chandra Bose की रहस्यमई मौत से उठ गया पर्दा! Parakram Diwas पर जानें सच