नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Delhi Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। शनिवार को मतगणना की जाएगी और दिल्ली की सभी 70 सीटों के चुनावी परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते रहे हैं। ऐसे में नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट सनी कुमार सिंह ने ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है और बताया है कि ईवीएम की सुरक्षा कैसे की जा रही है।
थ्री लेयर सिक्योरिटी में रखे हैं ईवीएम- जिला मजिस्ट्रेट
नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट सनी कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, "चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, स्ट्रांग रूम को तीन-परत सुरक्षा प्रदान की जाती है। मैंने अभी-अभी तीन-परत सुरक्षा का निरीक्षण किया है। स्ट्रांग रूम सील कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी है...सिक्योरिटी तैनात है, वो लोग अलर्ट हैं। राजनीतिक दलों के रिप्रेंटेटिव भी बैठे हुए हैं। राजनीतिक दल के प्रतिनिधि CCTV के ज़रिए फ़ीड देख रहे सील लगती है उस पर भी पॉलिटिकल पार्टी अपनी सील लगा सकती है, छेड़छाड़ की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि सुरक्षा नियम सख्त हैं।"
यह भी पढ़ें: Countdown to Counting: केजरीवाल का विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप, भाजपा ने दी कानूनी कार्रवाई की धमकी
क्या है थ्री-लेयर सिक्योरिटी?
मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को जिले के मतगणना केंद्र पर ले जाया जाता है। जहां स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाता है, ताकि किसी तरह की कोई छेड़छाड़ न हो। दिल्ली की हर विधानसभा सीट में एक मतगणना केंद्र है, जहां तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। थ्री लेयर सुरक्षा में 24 घंटे कमरे के बाहर जवानों का सख्त पहरा होता है। अंदर की कमान केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बल संभाल रहा है। वहीं राज्य सशस्त्र पुलिस के ऊपर बाहरी घेरे की सुरक्षा का जिम्मा है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी ईवीएम मशीनों पर निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi Election: एग्जिट पोल पर संग्राम, संजय राउत बोले- भाजपा को अपने “कांड” पर भरोसा है
दिल्ली में किसकी बनेगी सरकार?
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान किया गया था। 8 फरवरी को नतीजों का दिन है। शनिवार सुबह से ही मतगणना होना शुरू हो जाएगी, वहीं दोपहर होते-होते चुनावी नतीजों की दिशा साफ हो जाएगी। ज्यादातर एग्जिट पोल्स में भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है, नतीजे सामने आने के बाद ही क्लीयर होगा कि दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी।
यह भी पढ़ें: Delhi Election: चुनाव के दौरान 1090 से ज्यादा आचार संहिता उल्लंघन के मामले, CM आतिशी समेत कई दिग्गजों पर आरोप